Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
JHARKHAND

खाद्य विभाग के सचिव उमा शंकर सिंह ने नामकुम लैम्पस का किया औचक निरीक्षण

निरिक्षण करते सचिव उमाशंकर सिंह सहित अन्‍य

रांची, 19 दिसंबर (Udaipur Kiran) । झारखंड में खाद्य, सार्वजनिक वितरण एवं उपभोक्ता मामले विभाग के सचिव उमा शंकर सिंह ने शुक्रवार को नामकुम वृहद बहुउद्देशीय सहकारी समिति (लैम्पस) का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने नामकुम धान क्रय केंद्र में चल रही धान खरीद की पूरी प्रक्रिया का प्रत्यक्ष अवलोकन किया।

निरीक्षण के दौरान सचिव ने किसान द्वारा लाए गए धान की गुणवत्ता जांच, वजन प्रक्रिया, 4जी ई-पॉश मशीन के माध्यम से बायोमेट्रिक सत्यापन तथा धान की ऑनलाइन एंट्री सहित पूरी खरीद प्रक्रिया को देखा। इस मौके पर उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और सभी प्रक्रियाएं पारदर्शिता के साथ संपन्न हों।

निरीक्षण के दौरान धान बिक्री के लिए आए किसानों से अपील की गई कि वे अपनी उपज सरकारी धान क्रय केंद्रों में ही बेचें। किसानों को यह भी जानकारी दी गई कि खरीफ विपणन मौसम 2025-26 के तहत धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2,369 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है। इसके अतिरिक्त राज्य सरकार की ओर से 81 रुपये प्रति क्विंटल की दर से बोनस दिया जा रहा है। इस प्रकार कुल 2,450 रुपये प्रति क्विंटल का भुगतान 48 घंटे के भीतर सार्वजनिक वित्तीय प्रबंधन प्रणाली (पीएफएमएस) के माध्यम से सीधे किसानों के बैंक खातों में किया जा रहा है।

निरीक्षण के दौरान विभाग के संयुक्त सचिव दीपक कुमार, असैनिक आपूर्ति निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक सत्येंद्र कुमार, जिला आपूर्ति पदाधिकारी, रांची रामगोपाल पांडेय, लैम्पस के अध्यक्ष एवं सचिव सहित अन्य संबंधित अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे।————-

(Udaipur Kiran) / Manoj Kumar

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *