Skip to content
Saturday, 31 October 2026
BREAKING
BIHAR

फारबिसगंज एसडीओ ने फुलवरिया हाट का लिया जायजा, अतिक्रमण पर सख्त

अररिया फोटो:अतिक्रमण का जायजा लेते एसडीओ

अररिया, 16 दिसम्बर(Udaipur Kiran) । फारबिसगंज शहर के फुलवरिया हाट में बढ़ते अतिक्रमण और पक्की दुकानदारों के समक्ष उत्पन्न रोज़ी-रोटी के संकट को लेकर अनुमंडल पदाधिकारी फारबिसगंज रंजीत कुमार रंजन मंगलवार को फुलवरिया हाट पहुंचे और पूरे हाट परिसर का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी ने हाट में बनाए गए अवैध टीन शेड, अतिक्रमित रास्तों तथा नियमों के विपरीत खड़ी दुकानों का जायजा लिया। उन्होंने पाया कि हाट परिसर में निर्धारित लगभग 15 फीट चौड़ा रास्ता कई जगहों पर सिमटकर मात्र 2 से 3 फीट रह गया है, जिससे आम नागरिकों, खरीदारों और दुकानदारों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। भीड़ के समय आवागमन बाधित हो जाता है और आपात स्थिति में वाहनों का प्रवेश भी संभव नहीं रह जाता।

मौके पर मौजूद पक्की दुकानदारों और गुदरी ठेकदारों ने अनुमंडल पदाधिकारी के समक्ष अपनी समस्याएं रखीं।दुकानदारों ने बताया कि अवैध अतिक्रमण के कारण उनका व्यापार बुरी तरह प्रभावित हो रहा है और परिवार के भरण-पोषण पर संकट उत्पन्न हो गया है। साथ ही कुछ दुकानदारों द्वारा नगर परिषद से आवंटित पक्की दुकानों को किराए पर देकर स्वयं सड़क और रास्ते पर दुकान लगाने की शिकायत भी की गई।

अनुमंडल पदाधिकारी रंजीत कुमार रंजन ने नगर परिषद के अधिकारियों को निर्देश दिया कि अतिक्रमण से संबंधित पूर्व जांच रिपोर्टों और शिकायतों का अविलंब संज्ञान लेते हुए अवैध निर्माणों की सूची तैयार की जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि फुलवरिया हाट की मूल संरचना से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान एसडीओ ने भरोसा दिलाया कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर चरणबद्ध तरीके से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाएगी, ताकि हाट को उसकी पुरानी पहचान लौटाई जा सके। उन्होंने यह भी कहा कि वर्षों से वैध रूप से दुकान चला रहे दुकानदारों के हितों की रक्षा प्रशासन की प्राथमिकता होगी।

(Udaipur Kiran) / राहुल कुमार ठाकुर

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *