Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
UTTAR PRADESH

कफ सिरप मामले से पूर्व मंत्री शैलेंद्र यादव ने कहा— मेरा कोई लेनदेना नहीं लेकिन दोषियों पर सरकार क्यों नहीं चला रही बुलडोजर

शैलेंद्र यादव ललई पूर्व मंत्री सपा मीडिया से बातचीत करते हुए

जौनपुर, 29 दिसंबर (Udaipur Kiran) । उत्तर प्रदेश के जनपद जौनपुर में कफ सिरप तस्करी प्रकरण में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की जांच से जुड़ी खबरों पर शाहगंज विधानसभा क्षेत्र के पूर्व समाजवादी पार्टी के पूर्व विधायक शैलेंद्र यादव ने आपत्ति जताई है। उन्होंने कहा कि बिना नाम स्पष्ट किए प्रकाशित खबरों से उनकी सामाजिक और राजनीतिक छवि को नुकसान पहुंचा है।

सोमवार को मीडिया से बातचीत में पूर्व विधायक शैलेंद्र यादव ने बताया कि शाहगंज विधानसभा क्षेत्र से अब तक केवल दो सपा विधायक चुने गए हैं, जिनमें वे अंतिम विधायक थे। वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में हार के बाद आम जनता स्वाभाविक रूप से उन्हें ही ‘पूर्व विधायक’ के रूप में पहचानती है।

ललई यादव ने स्पष्ट किया कि उनका कफ सिरप तस्करी या किसी भी प्रकार के अवैध कारोबार से कोई संबंध नहीं है। उन्होंने इस मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। उन्होंने यह भी कहा कि यदि आवश्यक हो तो उनके और उनके परिवार के पिछले दस वर्षों के बैंक खातों की भी जांच कराई जा सकती है।

उन्होंने जांच एजेंसियों से अपील की कि कफ सिरप तस्करी मामले की पूरी पारदर्शिता के साथ जांच की जाए और जो भी दोषी पाए जाएं, उनके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए।

पूर्व विधायक ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बयानों का जिक्र करते हुए यह भी सवाल उठाया कि अब तक जिन लोगों के नाम सामने आए हैं, उनके खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं हुई और बुलडोजर क्यों नहीं चला। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी लगातार इस मुद्दे को उठा रही है, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने सरकार से मांग की कि इस प्रकरण में जिन लोगों के नाम आए हैं, जिनके खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई है और जिनके खातों में लेनदेन साबित होते हैं, उनके खिलाफ बिना किसी जाति, धर्म या राजनीतिक दल के भेदभाव के कार्रवाई की जानी चाहिए।

(Udaipur Kiran) / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *