Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
UTTAR PRADESH

टीकाकरण के बाद चार माह के मासूम की मौत, परिजन का एएनएम पर लापरवाही का आरोप

थाना जमालपुर, मीरजापुर।

मीरजापुर, 4 दिसंबर (Udaipur Kiran) । जमालपुर क्षेत्र में गुरुवार को टीकाकरण के बाद एक चार माह के मासूम की मौत हो जाने से हड़कंप मच गया। परिजनों ने एएनएम पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी है। मृतक बच्चे का नाम अनुराग था, जो हनुमानपुर गांव निवासी राजू का पुत्र था।

परिजन ने बताया कि बुधवार को स्वास्थ्य विभाग की ओर से टीकाकरण के दौरान एएनएम ने अनुराग को इंजेक्शन लगाया और बुखार आने पर दवा देने की सलाह दी। परिवार के अनुसार, रात करीब एक बजे बच्चे को दवा देने के बाद उसकी हालत अचानक बिगड़ गई। घबराए परिजन तुरंत उसे पास के निजी चिकित्सक के यहां लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया।

बच्चे की मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। मां रिंका देवी ने आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी कि टीका लगाने में लापरवाही बरती गई, जिससे बच्चे की जान चली गई। उन्होंने आरोपी एएनएम के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा। मामले की जांच की जा रही है।

सीएचसी प्रभारी डॉ. राजन सिंह ने बताया कि निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार टीकाकरण किया गया था और वही इंजेक्शन अन्य बच्चों को भी लगाया गया है। घटना से क्षेत्र में शोक और चिंता का माहौल है। परिवार न्याय की मांग कर रहा है, जबकि अधिकारी पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं।

(Udaipur Kiran) / गिरजा शंकर मिश्रा

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *