Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
UTTAR PRADESH

वाराणसी में उज्ज्वला योजना के तहत गैस सिलेंडर रिफ़िल सब्सिडी अभियान का शुभारंभ

रिफिल सब्सिडी कार्यक्रम

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया लखनऊ से उद्घाटन, 150 लाभार्थियों को मिला प्रतीकात्मक चेक

वाराणसी, 15 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के अंतर्गत गरीब एवं जरूरतमंद महिलाओं को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश के वाराणसी जनपद में बुधवार से निःशुल्क रसोई गैस सिलेंडर रिफिल वितरण सब्सिडी अभियान की शुरुआत हुई। इस योजना का उद्घाटन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राजधानी लखनऊ स्थित लोक भवन सभागार से किया।

इस अवसर पर वाराणसी के सर्किट हाउस में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के उद्घाटन समारोह का सीधा प्रसारण किया गया। इसके पश्चात आयोजित समारोह में जिले की 150 लाभार्थी महिलाओं को प्रतीकात्मक रूप से निःशुल्क गैस रिफिल का चेक प्रदान किया गया।

– गरीब महिलाओं को दीपावली पर बड़ा तोहफ़ा

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या ने कहा कि उज्ज्वला योजना के अंतर्गत निशुल्क गैस सिलेंडर रिफ़िल वितरण सराहनीय है। उन्होंने इसे धनतेरस और दीपावली के अवसर पर महिलाओं के लिए एक उपहार बताया।

अपर जिलाधिकारी (नागरिक आपूर्ति) अमित कुमार भारती ने कहा कि इस योजना से महिलाओं को रसोई में धुएं और प्रदूषण से मुक्ति मिली है, जिससे उनके स्वास्थ्य और जीवन स्तर में सुधार आया है। विधायक पिंडरा के प्रतिनिधि पवन कुमार सिंह और उज्ज्वला योजना के जिला समन्वयक सतीश कुमार ने भी कार्यक्रम में लाभार्थियों को संबोधित किया।

– जनपद में 2.49 लाख लाभार्थी होंगे लाभान्वित

जिला पूर्ति अधिकारी श्री कृष्ण बल्लभ सिंह ने बताया कि वाराणसी जनपद में अब तक 2,49,259 उज्ज्वला कनेक्शन जारी किए जा चुके हैं। वित्तीय वर्ष 2025-26 के तहत प्रत्येक लाभार्थी को दो नि:शुल्क गैस रिफ़िल सिलेंडर प्रदान किए जाएंगे। पहला रिफ़िल अक्टूबर 2025 से दिसंबर 2025 के बीच, दूसरा रिफ़िल जनवरी 2026 से मार्च 2026 के बीच वितरित किया जाएगा।

उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रथम चरण में उन लाभार्थियों को प्राथमिकता दी जाएगी, जिनके आधार कार्ड बैंक खातों से लिंक और प्रमाणित हैं। अन्य लाभार्थियों को आधार-बैंक लिंकिंग के बाद योजना का लाभ दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि जिन लाभार्थियों का आधार अभी बैंक खाते से लिंक नहीं है, वे अपनी गैस एजेंसी से संपर्क कर जल्द से जल्द यह प्रक्रिया पूर्ण कर योजना का लाभ ले सकते हैं।

(Udaipur Kiran) / श्रीधर त्रिपाठी

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *