Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
BIHAR

जनरल ऑब्जर्वर बी. महेश्वरी ने किया मीडिया, सोशल मीडिया एवं एमसीएमसी कोषांग का निरीक्षण

समस्तीपुर, 20 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) ।

बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 की तैयारियों के क्रम में सोमवार को समाहरणालय परिसर स्थित जिला जनसंपर्क कार्यालय में स्थापित मीडिया, सोशल मीडिया एवं एमसीएमसी कोषांग का औचक निरीक्षण जनरल ऑब्जर्वर बी. महेश्वरी ने किया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्वाचन से संबंधित प्रचार सामग्री के सत्यापन, सोशल मीडिया निगरानी व्यवस्था तथा समाचारों के प्रमाणीकरण की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी ली।

उन्होंने अधिकारियों और निगरानी कर रहे कर्मियों को निर्देश दिया कि सभी समाचार, विज्ञापन एवं सोशल मीडिया पोस्ट की सतत मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी भी प्रकार की भ्रामक जानकारी या आचार संहिता के उल्लंघन वाली सामग्री को तुरंत चिन्हित किया जा सके।

महेश्वरी ने यह भी निर्देश दिया कि 135-मोरवा विधानसभा क्षेत्र से संबंधित सभी समाचार कटिंग एवं मीडिया रिपोर्ट्स प्रतिदिन उन्हें उपलब्ध कराई जाएं, जिससे क्षेत्रवार मीडिया गतिविधियों की नियमित समीक्षा संभव हो सके।

उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया की निष्पक्षता एवं पारदर्शिता बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है।जनरल ऑब्जर्वर ने मीडिया सेल की कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए कहा कि जनसंपर्क विभाग चुनाव संबंधी सूचनाओं को जनता तक सही रूप में पहुंचाने में अहम भूमिका निभा रहा है।

साथ ही उन्होंने निर्देश दिया कि सभी मीडिया रिपोर्ट्स का सही अभिलेखीकरण किया जाए और सोशल मीडिया पर प्रसारित सामग्रियों की रियल-टाइम मॉनिटरिंग व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाया जाए।इस अवसर पर उप निर्वाचन पदाधिकारी विनोद कुमार, मीडिया कोषांग के नोडल पदाधिकारी रजनीश कुमार राय, प्रधान सूचना लिपिक संजय कुमार, मीडिया कोऑर्डिनेटर सुभीत कुमार सिंह, मंगलेश कुमार, मधु माधवी, रोहित कुमार एवं अनुराग उपस्थित थे, जिन्होंने बारी-बारी से ऑब्जर्वर महोदया को कोषांग के कार्यों की प्रगति से अवगत कराया।

(Udaipur Kiran) / त्रिलोकनाथ उपाध्याय

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *