Skip to content
Wednesday, 28 October 2026
BREAKING
JAMMU & KASHMIR

विदेश जाना कोई अपराध नहीं है, प्रधानमंत्री भी ऐसा करते हैं-मुख्यमंत्री उमर

विदेश जाना कोई अपराध नहीं है, प्रधानमंत्री भी ऐसा करते हैं-मुख्यमंत्री उमर

कटरा, 20 दिसंबर (Udaipur Kiran) । जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने शनिवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी का बचाव किया जिन पर देश के बाहर भारत-विरोधी ताकतों से मिलने के आरोप लगे हैं। उन्होंने कहा कि विदेश जाना कोई अपराध नहीं है और प्रधानमंत्री भी ऐसा करते हैं।

भाजपा के आरोपों का जवाब देते हुए अब्दुल्ला ने इस बात पर सवाल उठाया कि विदेश यात्रा करना या विदेशी शिक्षाविदों और संस्थानों से बातचीत करना राष्ट्रीय हितों के खिलाफ काम करना कैसे हो सकता है। उन्होंने कहा कि सत्ता में बैठे नेताओं की तरह विपक्षी नेता भी विदेश यात्रा करने और चर्चाओं में शामिल होने के लिए स्वतंत्र हैं और इस तरह की बातचीत राजनीतिक और सार्वजनिक जीवन का एक सामान्य हिस्सा है।

मुख्यमंत्री ने आज शाम श्रीनगर से वंदे भारत ट्रेन से कटरा पहुंचने पर पत्रकारों से कहा कि राहुल गांधी ने कब किसी भारत-विरोधी व्यक्ति से मुलाकात की है। उन्होंने कहा कि क्या विदेश जाना अपराध है। उन्हें कहीं भी जाने और किसी से भी बात करने की पूरी आजादी है। हर कोई ऐसा करता है। प्रधानमंत्री ऐसा करते हैं। सभी मंत्री ऐसा करते हैं। भाजपा के लोगों को इस पर आपत्ति क्यों होनी चाहिए। वह भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया की टिप्पणियों का जवाब दे रहे थे जिन्होंने गांधी पर जर्मनी यात्रा के दौरान भारत के दुश्मनों से मिलने का आरोप लगाया था।

दिल्ली में भाजपा मुख्यालय में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए भाटिया ने बर्लिन स्थित हर्टी स्कूल की अध्यक्ष और प्रोफेसर कॉर्नेलिया वोल के साथ गांधी की एक तस्वीर दिखाई और इसे कांग्रेस नेता के जर्मनी में भारत-विरोधी ताकतों से मिलने का सबूत बताया। भाटिया ने दावा किया कि वोल सेंट्रल यूरोपियन यूनिवर्सिटी की ट्रस्टियों में से एक हैं जिसे अमेरिका स्थित अरबपति निवेशक जॉर्ज सोरोस के ओपन सोसाइटी फाउंडेशन द्वारा वित्त पोषित किया जाता है।

इस बीच मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कहा कि नवंबर से चल रहे लंबे सूखे ने केंद्र शासित प्रदेश में पानी की उपलब्धता, वायु गुणवत्ता और शीतकालीन पर्यटन सीजन पर पड़ने वाले प्रभाव को लेकर चिंताएं बढ़ा दी हैं। उन्होंने कहा कि हम बेसब्री से बर्फबारी का इंतजार कर रहे हैं। नवंबर से सूखा पड़ा है। और हमें हर जगह पानी की थोड़ी कमी महसूस हो रही है। जम्मू और कश्मीर दोनों क्षेत्रों में प्रदूषण भी बढ़ गया है। चाहे बारिश हो या बर्फबारी, हवा साफ होगी। लेकिन सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि हमारा शीतकालीन पर्यटन सीजन शुरू होगा। उन्होंने कहा कि जम्मू के पटनीटॉप और भदरवाह तथा कश्मीर के पहलगाम, गुलमर्ग और सोनमर्ग जैसे प्रमुख पर्यटन स्थल बर्फबारी होते ही जीवंत हो उठेंगे। उन्होंने कहा कि हमें उम्मीद है कि पर्यटक आएंगे और बर्फ की खूबसूरती का आनंद लेंगे।

(Udaipur Kiran) / बलवान सिंह

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *