बेरोजगार युवाओं के लिए सुनहरा अवसर: मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना के तहत निशुल्क आवासीय प्रशिक्षण, रोजगार की गारंटी

अंबिकापुर/जशपुर, 2 दिसंबर (Udaipur Kiran) । जशपुर जिले के बेरोजगार युवक-युवतियों के लिए रोजगार की दिशा में बड़ा अवसर उपलब्ध हुआ है। मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना के तहत जिले में विभिन्न ट्रेडों में निशुल्क आवासीय प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है जिससे युवाओं को कौशल आधारित रोजगार उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है। योजना के अंतर्गत एनिमेटर, फायर फाइटर, जनरल ड्यूटी असिस्टेंट, कस्टमर केयर सीनियर एग्जीक्यूटिव (वॉइस एंड नॉन वॉइस), सिक्योरिटी गार्ड, लैब टेक्नीशियन, ट्रेवल कंसलटेंट, असिस्टेंट इलेक्ट्रीशियन और योग इंस्ट्रक्टर सहित कई कोर्स शामिल हैं।
प्रशिक्षण के लिए अभ्यर्थियों की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम 30 वर्ष निर्धारित की गई है। प्रवेश हेतु न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 10वीं उत्तीर्ण होना अनिवार्य है। चयनित युवाओं को 2 से 6 माह की अवधि का प्रायोगिक एवं विशेषज्ञ प्रशिक्षण मुहैया कराया जाएगा। प्रशिक्षण पूर्ण होने के तुरंत बाद अभ्यर्थियों को शत-प्रतिशत रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा, जिसके तहत मासिक वेतन 8 हजार से 15 हजार रुपये तक प्रस्तावित है। पूरी प्रशिक्षण प्रक्रिया निशुल्क है और प्रतिभागियों के लिए आवास की भी निःशुल्क सुविधा उपलब्ध रहेगी।
योजना में नामांकन के इच्छुक उम्मीदवार जिला कौशल विकास प्राधिकरण कार्यालय, रंजीता स्टेडियम के सामने, जशपुरनगर में पंजीयन करा सकते हैं। इच्छुक युवा जानकारी हेतु मोबाइल नंबर 7697584747 पर भी संपर्क कर सकते हैं। प्रशासन ने जिले के अधिक से अधिक युवाओं से इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की है।
—————
(Udaipur Kiran) / पारस नाथ सिंह



