Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
UTTAR PRADESH

गोरखपुर पुलिस की बड़ी उपलब्धि: 3.65 करोड़ रुपये साइबर अपराधियों से बचाए, 93 लाख पीड़ितों को लौटाए

गोरखपुर, 29 सितंबर (Udaipur Kiran News) । उत्तर प्रदेश के गाेरखपुर जनपद की साइबर क्राइम सेल अपराध शाखा की टीम ने वर्ष 2025 में अब तक उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। टीम द्वारा कुल 3.65 करोड़ रुपये की धनराशि साइबर अपराधियों के खाते तक पहुंचने से पहले ही होल्ड कराई गई है, वहीं 93 लाख रुपये सीधे पीड़ितों के खातों में वापस कराए गए हैं।

साइबर अपराध की रोकथाम के लिए टीम ने अब तक 4,889 संदिग्ध मोबाइल नंबर भी ब्लॉक कराए हैं, जो साइबर फ्रॉड व अन्य अपराधों में प्रयोग किए जा रहे थे।

जनपद गोरखपुर के सभी थानों में 156 पुलिस अधिकारी प्रथम रिस्पॉन्डर के रूप में तैनात हैं। ये अधिकारी साइबर सेल टीम में सक्रिय रहकर न केवल अपराध की रोकथाम और सुराग लगाने का कार्य कर रहे हैं बल्कि आम जनता को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक भी कर रहे हैं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गोरखपुर ने कहा,“साइबर अपराध आज समाज और आम नागरिकों के लिए एक बड़ी चुनौती है। गोरखपुर पुलिस की प्राथमिकता है कि लोगों की मेहनत की कमाई सुरक्षित रहे। हम न केवल अपराधियों पर शिकंजा कस रहे हैं, बल्कि जनता को जागरूक कर उन्हें सुरक्षित रखने का भी काम कर रहे हैं। हर नागरिक को चाहिए कि वह सतर्क रहे और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दे।”

एसपी क्राइम ने कहा, “साइबर अपराधियों की नई-नई तरकीबों से निपटने के लिए हमारी टीम लगातार तकनीकी रूप से अपडेट हो रही है। हमारा प्रयास है कि हर पीड़ित को त्वरित राहत मिले और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो। जनता को भी चाहिए कि वह सतर्क रहे और साइबर सुरक्षा के नियमों का पालन करे।”

जनता के लिए पुलिस की अपील और सुझाव

अजनबी या संदिग्ध कॉल/लिंक पर क्लिक न करें।

किसी भी अज्ञात व्यक्ति को बैंक विवरण, ओटीपी या पासवर्ड न बताएं।

सोशल मीडिया पर व्यक्तिगत जानकारी साझा करने से बचें।

यदि किसी साइबर फ्रॉड का शिकार हों तो तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल कर शिकायत दर्ज कराएं।

ऑनलाइन शिकायत के लिए http://www.cybercrime.gov.in पोर्टल का उपयोग करें।

साइबर सेल या निकटतम थाने से तत्काल संपर्क करें।

—————

(Udaipur Kiran) / प्रिंस पाण्डेय

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *