Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
UTTAR PRADESH

जनता के मुद्दों से बचने के लिए सरकार वंदे मातरम पर करा रही चर्चा : अखिलेश यादव

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पत्रकारों से बात करते हुए।

लखनऊ, 18 दिसंबर(Udaipur Kiran) । उत्तर प्रदेश की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार वंदे मातरम पर चर्चा कर जनता के मुद्दों से बचना चाहती है। तभी विधानसभा के प्रारंभ होने वाले शीतकालीन सत्र में इसी को लेकर चर्चा की जाएगी,जबकि इस संबंध में लोकसभा में चर्चा हो चुकी है। यह बातें समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कही। वे गुरुवार को पार्टी मुख्यालय में पत्रकारों को संबोधित कर रहे थे।

अखिलेश ने इकाना स्टेडियम में टी—20 मैच न होने के मामले में सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि पॉल्यूशन की वजह से लखनऊ में भारत दक्षिण अफ्रीका का मैच रद्द हो गया और सरकार के लोग कह रहे हैं कि एक्यूआई (वायु गुणवत्ता सूचकांक) ठीक था। वहीं नदियों का हाल भी आप देख लीजिए। ये सब सरकार इसलिए कह रही है कि विधानसभा में पॉल्यूशन पर चर्चा न हो।

उन्होंने कहा कि लखनऊ के किसी कोने में चले जाएं आजकल ट्रीज फ्लावर कर रहे होंगे, यह समाजवादियों की देन है जिसकी वजह से आप ये देख रहे हैं। बीजेपी की सरकार ने तो बड़े बड़े जंगल काट दिए।

सपा अध्यक्ष ने कहा कि कोडीन सिरप को लेकर खाली यूपी के आम लोग चिंतित नहीं, बल्कि पूरे देश में यह चिंता है कि सबसे महत्वपूर्ण क्षेत्र से यह घोटाला चल रहा था। ये हजारों करोड़ का घोटाला है। कोई घटना हो जाए तो बुलडोजर चल जाता है, इस बार मुख्यमंत्री जी के खिलौना बुलडोजर का ड्राइवर भाग गया है। यूपी में 24 लोगों पर बुलडोजर चला है जिसमें 22 लोग पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) से हैं।

अखिलेश यादव ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर कहा कि इस कार्य को पूरा करने के लिए बीएलओ पर दबाव बनाया जा रहा है। मुख्यमंत्री जहां जा रहे हैं ,वहां अधिकारियों के कान में बता रहे हैं कि समाजवादियों का वोट काटिए। 4 करोड़ वोटों को अगर भाग देंगे 403 विधानसभाओं से तो बीजेपी का 84 हजार वोट कट गया। इन्हें 84 हज़ार हराएगा और हमें 40 हजार जिताएगा।

उन्होंने कहा कि लोक सेवा आयोग में जो घोटाले हो रहे हैं उसका आप अंदाजा नहीं लगा सकते। इलेक्शन कमीशन और बीजेपी के लोग मिले हुए हैं। यह ऐप भी उसी कंपनी का है जिसने भाजपा को सबसे ज्यादा चंदा दिया। इस दाैरान पार्टी नेता शिवपाल यादव, विधायक अतुल प्रधान आदि माैजूद

रहे।

सपा महिला सभा ने किया प्रदर्शन

इससे पूर्व हजरतगंज चौराहे पर सपा महिला सभा ने मंत्री संजय निषाद के विवादित बयान को लेकर प्रदर्शन किया। सपा की महिला कार्यकर्ताओं ने मंत्री के ​हिजाब मामले पर दिए बयान को लेकर नाराजगी जताई। हाथों में बैरन पोस्टर लेकर महिलाओं ने नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। पुलिस ने कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर वाहनों के जरिए धरना स्थल इको गार्डेन भेज दिया।

(Udaipur Kiran) / मोहित वर्मा

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *