एसआईआर करके घुसपैठिये देश से बाहर निकालने का काम कर रही सरकार : आनन्दीबेन पटेल

फतेहपुर, 22 दिसम्बर (Udaipur Kiran) । उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में सोमवार को एक विद्यालय के भवन लोकार्पण कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लेने आई उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनन्दीबेन पटेल ने सम्बोधित करते हुए कहा कि एसआईआर का विरोध न कीजिए। एसआईआर करके सरकार देश के घुसपैठियों को बाहर निकालने का काम कर रही है।
सदर तहसील क्षेत्र के वीआईपी रोड स्थित सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में आज राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के आगमन ने जिले के शैक्षिक और सामाजिक माहौल को नई ऊर्जा दी। सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज के नवनिर्मित भवन के लोकार्पण के अवसर पर राज्यपाल ने न सिर्फ़ शिक्षा के महत्व को रेखांकित किया, बल्कि महिलाओं और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की भूमिका को भी समाज की नींव बताया। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में बच्चों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने यह संदेश दिया कि शिक्षा केवल किताबों तक सीमित नहीं, बल्कि संस्कार, आत्मविश्वास और रचनात्मकता का संगम है। अपने निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार राज्यपाल लगभग सवा दो घंटे तक सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज परिसर में रहीं।
राज्यपाल ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को किट वितरित की और महिला सशक्तिकरण को लेकर प्रेरक सम्बोधन में कहा कि शिक्षा और संस्कार ही समाज की असली पूंजी हैं और महिलाओं की भागीदारी के बिना विकसित भारत की कल्पना अधूरी है। इस दौरान उन्होंने यूपी टॉपर रहे छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया। उन्हें प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कहा कि मेहनत, अनुशासन और शिक्षा तीनों मिलकर ही सफलता का रास्ता बनाते हैं।
(Udaipur Kiran) / देवेन्द्र कुमार



