Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
HEADLINES

दुर्गापुर दुष्कर्म मामले पर राज्यपाल ने राष्ट्रपति और गृह मंत्रालय को विस्तृत रिपोर्ट सौंपी

राज्यपाल बोस

कोलकाता, 16 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । पश्चिम बंगाल के राज्यपाल डॉ. सीवी आनंद बोस ने दुर्गापुर में दलित छात्रा के साथ हुए कथित सामूहिक दुष्कर्म मामले पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और केंद्रीय गृह मंत्रालय को विस्तृत रिपोर्ट सौंप दी। राजभवन के एक अधिकारी ने गुरुवार सुबह इसकी पुष्टि की।

राजभवन के इस अधिकारी के अनुसार, रिपोर्ट राज्यपाल के उस दौरे पर आधारित है जिसमें उन्होंने दुर्गापुर जाकर पीड़िता के परिवार से मुलाकात की। राज्यपाल बोस ने बुधवार को कोलकाता के एक वाणिज्यिक कार्यक्रम में महिलाओं के खिलाफ बढ़ती हिंसा को लेकर गहरी चिंता जताई थी। उन्होंने कहा था, “हाल के दिनों में महिलाओं के खिलाफ अपराधों की जो घटनाएं सामने आई हैं, उनमें दुर्गापुर कांड भी शामिल है। अब यह कहना कठिन है कि पश्चिम बंगाल महिलाओं के लिए सुरक्षित राज्य है।”

यह घटना 10 अक्टूबर की रात की है। दुर्गापुर के एक निजी मेडिकल कॉलेज में सेकंड ईयर में पढ़ने वाली ओडिशा की छात्रा के साथ उस समय सामूहिक दुष्कर्म हुआ जब वह अपने पुरुष साथी के साथ बाहर निकली थी।

पुलिस ने इस मामले में अब तक छह लोगों को गिरफ्तार किया है और सभी न्यायिक हिरासत में हैं। राज्यपाल ने इस घटनाक्रम पर शासन व्यवस्था की भी आलोचना की। उन्होंने कहा, “हम जो देख रहे हैं, वह केवल हिमशैल का ऊपरी हिस्सा है। इसके नीचे प्रशासन की अक्षमता छिपी हुई है, जो व्यवस्था चलाने के लिए जिम्मेदार है।”

उन्होंने राज्य के पुलिस प्रशासन पर भी सवाल उठाए। बोस ने कहा, “राज्य में कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्रमुख जिम्मेदारी है। लेकिन वर्तमान हालात को देखते हुए यह कहना मुश्किल है कि पुलिस अपनी भूमिका सही ढंग से निभा रही है। बंगाल एक ‘सॉफ्ट स्टेट’ बन गया है, जहां कानून का सही तरीके से पालन और उसका प्रवर्तन नहीं हो रहा।”

(Udaipur Kiran) / ओम पराशर

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *