Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
BIHAR

छपरा में राज्य स्तरीय बॉडी बिल्डिंग चैंपियनशिप का भव्य आयोजन

आयोजन
आयोजन
आयोजन

सारण, 21 दिसंबर (Udaipur Kiran) । शहर के भिखारी ठाकुर प्रेक्षा गृह में रविवार को बॉडी बिल्डिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया मुंबई के तत्वावधान में बिहार बॉडी बिल्डिंग चैंपियनशिप का शानदार आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि बिहार विधानसभा के मुख्य सचेतक मनजीत कुमार सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया।

इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में बिहार के विभिन्न जिलों से आए लगभग 200 बॉडी बिल्डरों ने हिस्सा लिया। मंच पर खिलाड़ियों ने अपनी मस्कुलर बॉडी, शारीरिक दक्षता और कठिन परिश्रम का प्रदर्शन कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। प्रतियोगिता को लेकर न केवल खिलाड़ियों में बल्कि स्थानीय युवाओं और खेल प्रेमियों में भी जबरदस्त उत्साह देखा गया।

प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने कहा कि बिहार में बॉडी बिल्डिंग को अभी तक सरकारी मान्यता नहीं मिली है। मान्यता न होने के कारण राज्य स्तर पर खिलाड़ियों को जरूरी सुविधाएं और प्रोत्साहन राशि नहीं मिल पाती। उचित मंच के अभाव में प्रतिभाएं आगे नहीं बढ़ पा रही हैं। खिलाड़ियों की मांगों को जायज ठहराते हुए मुख्य सचेतक मनजीत कुमार सिंह ने भरोसा दिलाया कि वे इस विषय को सरकार के समक्ष रखेंगे।

उन्होंने कहा कि मैं व्यक्तिगत रूप से खेल मंत्री से मिलकर बॉडी बिल्डिंग को बिहार के खेल कैलेंडर में शामिल कराने का प्रयास करूंगा, ताकि यहां के युवाओं को सरकारी सहयोग और मान-सम्मान मिल सके।

आयोजकों ने बताया कि इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशे की लत से दूर रखकर उन्हें स्वास्थ्य अनुशासन और खेल के प्रति प्रेरित करना है। कार्यक्रम का समापन पुरस्कार वितरण समारोह के साथ हुआ जहां विजेताओं को ट्रॉफी और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।

—————

(Udaipur Kiran) / धनंजय कुमार

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *