हर घर नल योजना की पोल खुली, सूखे नलों पर अफसरों को फटकार

मीरजापुर, 19 दिसम्बर (Udaipur Kiran) । हर घर नल योजना की जमीनी हकीकत जानने शुक्रवार को जल निगम के स्टेट सीनियर टेक्नीशियन एडवाइजर विश्व दीपक जिगना क्षेत्र के गौरा गांव पहुंचे। निरीक्षण के दौरान परमानपुर मजरा में नलों की टोटियां सूखी मिलने पर उन्होंने नमामि गंगे और जल निगम के अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई।
अधिकारियों के सामने जब मोटर पम्प चालू करने का निर्देश दिया गया तो अधीनस्थों ने मेन लाइन में मरम्मत की जरूरत बताई। इस पर सीनियर टेक्नीशियन एडवाइजर ने शाम तक मरम्मत कार्य हर हाल में पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही पाइपलाइन में लीकेज को तत्काल दुरुस्त कराने और योजना में व्याप्त खामियों को दूर करने की हिदायत दी।
निरीक्षण के दौरान सामने आया कि गौरा गांव में करीब 1300 घरों में नल कनेक्शन दिए गए हैं, लेकिन लगभग 40 फीसदी घरों में पानी की आपूर्ति ठप है। इससे ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। विश्व दीपक ने छतरीपुर और परमानपुर मजरों में पैदल घूमकर स्थिति का जायजा लिया और ग्रामीणों से भी समस्याएं सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित की जाए। साथ ही लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी।
—————
(Udaipur Kiran) / गिरजा शंकर मिश्रा



