Skip to content
Wednesday, 28 October 2026
BREAKING
HARYANA

हथीन के एसडीएम ने किया आंगनबाड़ी सेंटर का औचक निरीक्षण

-केंद्र पर उपलब्ध व्यवस्थाओं, साफ-सफाई, पोषण आहार की गुणवत्ता तथा रिकॉर्ड संधारण की गहनता से की जांच

पलवल, 19 दिसंबर (Udaipur Kiran) । उपमंडल हथीन के एसडीएम अप्रतिम सिंह ने शुक्रवार को खंड हथीन के गांव फिरोजपुर राजपूत स्थित आंगनबाड़ी केंद्र का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने केंद्र पर उपलब्ध व्यवस्थाओं, साफ-सफाई, पोषण आहार की गुणवत्ता तथा रजिस्टर की गहनता से जांच की। निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने आंगनबाड़ी केंद्र में गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं एवं बच्चों के लिए तैयार किए जा रहे पोषण आहार को स्वयं चखकर उसकी गुणवत्ता का परीक्षण किया। उन्होंने भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता और पौष्टिकता को संतोषजनक पाया तथा आंगनबाड़ी कार्यकर्ता को इसी प्रकार मानकों के अनुसार भोजन तैयार करने के निर्देश दिए।

इसके साथ ही एसडीएम अप्रतिम सिंह ने आंगनबाड़ी केंद्र में गर्भवती महिलाओं और बच्चों के टीकाकरण से संबंधित रजिस्टरों की भी गहन जांच की। जांच के दौरान सभी टीकाकरण रिकॉर्ड अद्यतन एवं सही पाए गए। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग एवं आंगनबाड़ी स्टाफ द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की। एसडीएम ने उपस्थित आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व सहायिका को निर्देश दिए कि बच्चों एवं गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य, पोषण एवं टीकाकरण को लेकर किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।

उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पूरी पारदर्शिता एवं समयबद्ध तरीके से पहुंचाया जाना सुनिश्चित किया जाए। एसडीएम ने यह भी कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र बच्चों के सर्वांगीण विकास की नींव होते हैं, इसलिए इन केंद्रों पर स्वच्छ वातावरण, नियमित पोषण आहार वितरण एवं समय पर टीकाकरण अत्यंत आवश्यक है। भविष्य में भी ऐसे औचक निरीक्षण जारी रहेंगे और किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के कर्मचारी भी उपस्थित रहे।

—————

(Udaipur Kiran) / गुरुदत्त गर्ग

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *