Skip to content
Sunday, 1 November 2026
BREAKING
UTTAR PRADESH

तेज रफ्तार वैन ने बस चालक को मारी टक्कर, मौके पर मौत

फोटो

ग्रामीणों ने जाम लगाकर की चालक पर कार्रवाई की मांग, अधिकारियों ने समझाकर खुलवाया रास्ता

औरैया, 06 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । उत्तर प्रदेश के औरैया जिले के सदर कोतवाली क्षेत्र के गांव भाउपुर में रविवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में बस चालक की मौत हो गई। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने हाइवे पर जाम लगाकर वैन चालक पर कार्रवाई की मांग की।

जानकारी के अनुसार, भाउपुर निवासी 45 वर्षीय दिलीप पाठक पुत्र रमेश पाठक प्राइवेट बस के चालक थे। रविवार दोपहर वे किसी काम से औरैया गए थे। देर रात वे किसी वाहन से घर लौट रहे थे। गांव के बाहर पहुंचने पर जब वे हाइवे पार कर रहे थे, तभी इटावा की ओर से आ रही तेज रफ्तार वैन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दिलीप उछलकर दूर जा गिरे और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

तेज आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। मृतक को पहचानने के बाद उन्होंने घटना की जानकारी परिजनों को दी। कुछ ही देर में परिजन भी घटनास्थल पर पहुंच गए और आक्रोश जताते हुए इटावा-कानपुर हाइवे पर जाम लगा दिया। इससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। इसी दौरान कानपुर देहात के दो अधिकारियों की गाड़ी भी जाम में फंस गई। अधिकारियों ने ग्रामीणों और परिजनों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे।

सूचना पर सदर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों से वार्ता कर वैन चालक के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया। तब जाकर लोगों ने जाम समाप्त किया। कोतवाल राजकुमार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तहरीर मिलने पर वैन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

—————

(Udaipur Kiran) कुमार

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *