Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
BIHAR

पूर्णिया में ‘बॉर्डर 2’ टीज़र लॉन्च का ऐतिहासिक जश्न महानगरों की सूची में जुड़ा शहर का नाम

तस्वीर में विधायक तथा अन्य
हाल में भरे दर्शक

पूर्णिया, 16 दिसंबर (Udaipur Kiran) । बॉलीवुड की बहुप्रतीक्षित वॉर फिल्म ‘बॉर्डर -2’ के टीज़र की स्पेशल स्क्रीनिंग के साथ पूर्णिया ने राष्ट्रीय सिनेमा के मानचित्र पर अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराई। मुंबई, दिल्ली, हैदराबाद और सहारनपुर जैसे महानगरों के साथ-साथ पूर्णिया के रुपवाणी सिनेमा हॉल में भी इस टीज़र का भव्य और ऐतिहासिक लॉन्च हुआ, जिसने शहरवासियों को गौरवान्वित कर दिया।

इस अवसर पर कसबा विधायक नितेश सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि “पूर्णिया अब न्यू पूर्णिया है। यहां आधुनिकता और विकास की नई तस्वीर उभर रही है। आज यह देखकर गर्व होता है कि हमारे शहर का इकलौता सिनेमा हॉल भी राष्ट्रीय स्तर के आयोजनों का साक्षी बन रहा है। महानगरों के साथ पूर्णिया का नाम जुड़ना शहर की बढ़ती पहचान और संभावनाओं का प्रमाण है।”

कार्यक्रम का सफल आयोजन रुपवाणी सिनेमा हॉल के मालिक विशेक चौहान ने किया। उन्होंने इसे पूर्णिया के सिनेप्रेमियों की जीत बताते हुए कहा कि “यह आयोजन दर्शाता है कि पूर्णिया में भी सिनेमा के प्रति वही जुनून और समझ है, जो देश के बड़े शहरों में देखने को मिलती है।”

खचाखच भरे सिनेमा हॉल में जैसे ही सनी देओल की दमदार एंट्री, देशभक्ति से ओत-प्रोत संवाद और पाकिस्तान के खिलाफ भारत की हुंकार पर्दे पर गूंजी, पूरा हॉल तालियों और नारों से गूंज उठा। टीज़र ने दर्शकों में जबरदस्त जोश भर दिया। स्क्रीनिंग के बाद टीज़र को आम जनता के लिए जारी किया गया, लेकिन इस खास लॉन्च के लिए पूर्णिया का चयन अपने-आप में ऐतिहासिक बन गया।

कार्यक्रम में उद्घोषक की भूमिका निभा रहे श्रीराम सेवा संघ के संस्थापक राणा प्रताप सिंह ने राष्ट्रीयता से ओत-प्रोत संदेश देते हुए कहा कि “‘बॉर्डर 2’ जैसी फिल्में केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि देशभक्ति और राष्ट्रीय चेतना को मजबूत करने का माध्यम हैं। पूर्णिया में इसका लॉन्च यह संदेश देता है कि सीमांचल की धरती भी राष्ट्रप्रेम में किसी से पीछे नहीं है।”

प्रेस क्लब पूर्णिया के अध्यक्ष नंदकिशोर सिंह ने कहा कि “यह आयोजन केवल एक फिल्म का टीज़र लॉन्च नहीं, बल्कि पूर्णिया की राष्ट्रीय पहचान का विस्तार है। मीडिया और सिनेमा के माध्यम से शहर की सकारात्मक छवि देशभर में जा रही है, यह हम सभी के लिए गर्व का विषय है।”

वरिष्ठ पत्रकार राजेश शर्मा ने इस मौके को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि “पहली बार पूर्णिया ने महसूस किया है कि वह राष्ट्रीय आयोजनों की मुख्यधारा में शामिल हो चुका है। इससे न केवल सिनेमा, बल्कि पर्यटन और सांस्कृतिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।”

कार्यक्रम को और रंगीन बनाने में कॉमेडियन राज सोनी ने अपनी प्रस्तुति से समां बांधा। इस दौरान सनी देओल के चर्चित डायलॉग “मैं घायल हूं, पर घातक हूं” की गूंज और अग्निपथ कविता की पंक्तियों ने माहौल को और भी जोशीला बना दिया। फौजी भाई अमरकांत झा जी ने सन्नी देओल के प्रशंसक के रूप।में अपनी बातों को रखा और सेना में रहते युद्ध के अनुभवों को साझा किया। कार्यक्रम में वरिष्ठ पत्रकार सुनील सुमन, मुरारी सिंह सहित बड़ी संख्या में मीडिया प्रतिनिधि और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

इस भव्य आयोजन ने यह स्पष्ट कर दिया कि पूर्णिया अब केवल सीमांचल का केंद्र नहीं, बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर उभरता हुआ सिनेमा हब बनता जा रहा है।

—————

(Udaipur Kiran) / नंदकिशोर सिंह

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *