भीण्डर, उदयपुर (Udaipur Kiran). पुलिस थाना भीण्डर ने बहुचर्चित मदनमोहन उर्फ टोनी पाटीदार की हत्या (हनीट्रैप) प्रकरण में 2000 रुपए के इनामी अभियुक्त को गिरफ्तार किया है. थाना भीण्डर क्षेत्र में दिनांक 02.02.2024 को सीएचसी भीण्डर मोर्चरी पर प्रार्थी कैलाश चन्द्र पाटीदार निवासी बड़ा राजपुरा ने रिपोर्ट पेश की थी कि 1 फरवरी 2024 की सुबह करीब 9 बजे उनका पुत्र मदनमोहन उर्फ टोनी घर से मोटरसाइकिल लेकर कानोड रेलवे स्टेशन स्थित दुकान पर जाने के लिए निकला था. शाम तक वह घर नहीं लौटा तो परिजनों ने फोन किया, लेकिन फोन बंद आ रहा था. आमतौर पर टोनी कभी-कभी लेट होने पर दुकान पर ही सो जाता था, इसलिए परिवार ने ज्यादा चिंता नहीं की.

अगले दिन 2 फरवरी को सुबह 9 बजे पत्नी रश्मि के फोन पर टोनी के नंबर से फोन आया और कहा गया कि मदनमोहन भीण्डर हॉस्पिटल में है, फिर फोन बंद कर दिया गया. जब परिवार भीण्डर हॉस्पिटल पहुंचा, तो वहां मदनमोहन की लाश मिली. रिपोर्ट के आधार पर थाना भीण्डर में प्रकरण संख्या 29/2024 धारा 302 भादसं में केस दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया. वर्तमान में इस केस की जांच पुलिस उप अधीक्षक वल्लभनगर राजेन्द्र सिंह जैन कर रहे हैं.
इस प्रकरण में पूर्व में 6 अभियुक्तों की गिरफ्तारी हो चुकी थी. जिला पुलिस अधीक्षक, उदयपुर योगेश गोयल के निर्देश पर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक खेरवाड़ा अंजना सुखवाल के सुपरविजन में, पुलिस उप अधीक्षक वल्लभनगर राजेन्द्र सिंह जैन व थानाधिकारी पूनाराम भीण्डर मय टीम द्वारा अभियुक्त अल्ताफ हुसैन पुत्र अब्दुल हमीद निवासी कन्नौज, थाना भदेसर, जिला चित्तौड़गढ़ को डिटेन कर पूछताछ के बाद गिरफ्तार किया गया. बाद में उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया. प्रकरण में आगे की अनुसंधान जारी है. उक्त अभियुक्त पर जिला Superintendent of Police , उदयपुर द्वारा 2000 रुपए का इनाम घोषित किया गया था.