अनियंत्रित पिकअप की टक्कर लगने से बाइक सवार पति-पत्नी और पुत्र की मौत

–
झांसी-मिर्जापुर राष्ट्रीय राजमार्ग में हुआ दर्दनाक हादसा चित्रकूट,19 दिसम्बर (Udaipur Kiran) । उत्तर प्रदेश के चित्रकूट जनपद में झांसी-मिर्जापुर राष्ट्रीय राजमार्ग में शुक्रवार को तेज रफ्तार पिकअप की टक्कर लगने से बाइक सवार दम्पति और उनके पुत्र की मौत हो गई। घटना के बाद अनियंत्रित पिकअप महुआ के पेड़ से टकरा गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार को बांदा जनपद की ओर से एक पिकअप गाड़ी जिला मुख्यालय कर्वी की ओर आ रही थी। इस दौरान झांसी-मिर्जापुर राष्ट्रीय राजमार्ग में भरतकूप थाना क्षेत्र के अंतर्गत रौली-कल्याणपुर गांव से होते हुए बाइक सवार राजकुमार अनुरागी (40) अपनी पत्नी भूरी देवी व पुत्र इन्दल के साथ कर्वी से अतर्रा की ओर जा रहे थे। रौली-कल्याणपुर गांव में पिकअप की टक्कर बाइक में लगने से तीनों लोग जमीन पर गिरकर मरणासन्न हो गए और पिकअप सामने महुए के पेड़ से टकरा गई। लोगों की चीख-पुकार सुनकर मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची भरतकपू थाने की पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। हालांकि तब तक बाइक चालक राजकुमार अनुरागी और उनकी पत्नी भूरी देवी की मौत हो चुकी थी। अस्पताल में इलाज के दौरान उनके पुत्र इन्दल ने भी दम तोड़ दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि घटना की सूचना मृतक परिवार के परिजनों को दूरभाष के जरिए दी गई है।
—————
(Udaipur Kiran) / रतन पटेल



