आईआईटी के छात्र ने सॉरी एवरी वन…. लिखकर की आत्महत्या

-राजस्थान के अजमेर का जयसिंह बायोलॉजिकल साइंस बीटेक फाइनल ईयर का छात्र था
-परिजनों के पहुंचने के बाद कराया जाएगा पोस्टमॉर्टम
कानपुर, 29 दिसम्बर (Udaipur Kiran) । कल्याणपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) कानपुर के बीटेक छात्र ने सोमवार को संदिग्घ परिस्थितियों में आत्महत्या कर ली। पहले उसने अपने हाथों की नसें काटी, फिर हॉस्टल के कमरे में फंदा लगाकर लटक गया। घटनास्थल से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है। जिसमें अंग्रेजी भाषा में सॉरी एवरी वन… लिखा था। मृतक छात्र राजस्थान के अजमेर का रहने वाला है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना देकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उनके कानपुर पहुंचने के बाद ही पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
राजस्थान के अजमेर निवासी गौरीशंकर मीणा का बेटा जयसिंह मीणा (26) आईआईटी कानपुर में रहते हुए बायोलॉजिकल साइंस बीटेक फाइनल ईयर का छात्र था। वह हॉस्टल के ब्लॉक -2 रूम नंबर 148 में रहता था। आज दोपहर तक जब उसने कमरे का दरवाजा नहीं खोला तो। उसके साथी छात्रों ने इस बात की जानकारी आईआईटी प्रबंधन को दी।
सूचना पर पहुंची पुलिस दरवाजा तोड़कर कमरे में दाखिल हुई तो छात्र का शव पंखे के कुंडे से लटकता मिला। उसके हाथ से काफी खून भी बह चुका था। कुछ देर बाद फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल पहुंचकर साक्ष्य एकत्रित किये। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर परिजनों को सूचना कर दी है। मंगलवार को उनके कानपुर पहुंचने के बाद छात्र के शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
एडीसीपी पश्चिम कपिल देव सिंह ने बताया कि घटना की सूचना परिजनों को देकर शव को मोर्चरी भिजवाया गया है। तहरीर मिलने पर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।
(Udaipur Kiran) / रोहित कश्यप



