राज्य में अवैध खनन चरम पर, कोड वर्ड से बांटे जा रहे ठेकेः बाबूलाल

रांची, 15 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने झारखंड में अवैध खनन को लेकर राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में सत्ता के संरक्षण में अवैध खनन धड़ल्ले से चल रहा है।
मरांडी ने सोशल मीडिया एक्स पर कहा है कि धनबाद जिले में अवैध कोयला खनन की एक और घटना में आठ मजदूरों की मौत हो गई है, जबकि 8 से 10 मजदूर अब भी लापता बताए जा रहे हैं। ये सभी मजदूर पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले के रहने वाले है। आरोप है कि खनन माफियाओं के दलाल पीड़ित परिवारों को पैसे देकर चुप कराने की कोशिश कर रहे हैं।
मरांडी ने खुलासा किया कि पंचेत थाना क्षेत्र के कारगिल इलाके में हाउस के आदेश पर अंजनी (कोड वर्ड) नामक व्यक्ति को अवैध खनन का ठेका दिया गया है। बताया जा रहा है कि यह व्यक्ति हाउस के प्रतिनिधि का खास आदमी है और पूरे अवैध कारोबार का साझेदार है।
मरांडी ने कहा कि इस सरकार में भ्रष्टाचार एक संस्कृति बन चुका है। जनता बेबस होकर सिस्टम में एडजस्ट होकर जीने को मजबूर है। लाशों पर कमाई करने की होड़ में झारखंड कितना नीचे गिरेगा, कहना मुश्किल है। लेकिन जनता सब कुछ देख और समझ रही है. पाप का घड़ा भर रहा है, और जब फूटेगा तो हिसाब देना पड़ेगा।
—————
(Udaipur Kiran) / विकाश कुमार पांडे



