Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
JHARKHAND

( संशाेधित) फायरिंग मामले में पुलिस ने आरोपित के घर इश्तेहार चिपकाया

इस्तेहार चस्पाती पुलिस

धनबाद, 17 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । बाघमारा थाना क्षेत्र में मंदरा पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि शंकर बेलदार पर जानलेवा हमला के प्रयास मामले में पुलिस ने निर्णायक कदम उठाते हुए मुख्य आरोपित विश्वजीत चक्रवर्ती उर्फ़ विशु के खिलाफ कुर्की की कार्रवाई शुरू कर दी है। शुक्रवार को पुलिस ने आरोपित के घर के बाहर कुर्की का इश्तेहार चिपकाकर स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि आरोपित ने न्यायालय में शीघ्र आत्मसमर्पण नहीं किया तो उसकी तमाम संपत्ति जब्त कर ली जाएगी।

जानकारी के अनुसार कुछ सप्ताह पूर्व डुमरा स्थित बीसीसीएल क्षेत्रीय कार्यालय के समीप मुखिया प्रतिनिधि शंकर बेलदार पर गोलीबारी की गई थी। इस घटना में मुख्य आरोपित के रूप में विश्वजीत चक्रवर्ती उर्फ़ विशु का नाम सामने आया था। वहीं, घटना के बाद से ही आरोपित फरार चल रहा है।

इस संबंध में बाघमारा थाना प्रभारी अजीत कुमार ने बताया कि विश्वजीत चक्रवर्ती लगातार ठिकाने बदल रहा है, जिससे उसकी गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। आरोपित को पकड़ने के लिए बाघमारा पुलिस की विशेष टीम भी लगातार छापेमारी कर रही है। न्यायालय के आदेश पर शुक्रवार को उसके घर पर कुर्की का इश्तेहार चस्पा गया। उन्होंने कहा कि कानून तोड़ने वालों के खिलाफ पुलिस सख्त रुख अपनाए हुए है। यदि आरोपित ने जल्द आत्मसमर्पण नहीं किया तो उसकी चल-अचल संपत्ति जब्त कर ली जाएगी।

थाना प्रभारी ने यह भी जानकारी दी कि एक अन्य आरोपित अभय पासवान उर्फ़ बंगाली के घर पर भी कुर्की का इश्तेहार चिपकाया गया है। इस दौरान उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील की कि यदि किसी को भी दोनों आरोपिताें के ठिकाने या गतिविधियों की जानकारी हो तो तत्काल पुलिस को सूचित करें। उन्होंने कहा कि कानून से ऊपर कोई नहीं है और अपराधियों के खिलाफ इसी तरह की सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

—————

(Udaipur Kiran)

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *