कानपुर से आई आयकर विभाग की टीम ने जिला सहकारी बैंक में की छापेमारी

उरई, 17 दिसम्बर (Udaipur Kiran) । जनपद में बुधवार को आयकर विभाग कानपुर की टीम दो वाहनों के साथ जिला सहकारी बैंक पहुंची। यहां से सीधे वह लोग मुख्य कार्यपालक अधिकारी भानु प्रताप सिंह के कमरे में पहुंचे। आयकर विभाग के अधिकारियों ने बैंक के अधिकारियों से बैंक सम्बंधित अभिलेख लाने को कहा। जिसमें नाबार्ड, आरबीआई, बैंक योजनाओं से सम्बंधित अभिलेख बताए गए हैं।
टीम में शामिल अधिकारियों कर्मचारियों ने बैंक के दस्तावेजों का गहनता से परीक्षण किया। बिना इजाजत के किसी को कमरे में जाना मना कर दिया गया। कर्मचारियों ने कहा कि यह नियमित चेकिंग है। किसी तरह का छापा नहीं है। वह लोग आयकर से सम्बंधित बैंक के मामलों को देखने आए हैं। बाद में फिर से आयकर विभाग के अधिकारी अपने काम में जुट गए। साढ़े पांच बजे के आसपास अधिकारी बाहर निकले तो उनसे बात करनी चाही गई लेकिन उन्होंने किसी तरह की कोई बात नहीं की और टीम चली गई।
टीम का नेतृत्व आयकर निदेशक (आसूचना एवं आपराधिक अन्वेषण), कानपुर ने किया जिसमें विमलेश राय, सहायक निदेशक और अविनाश सोनवानी, आयकर अधिकारी की अगुवाई ने वित्तीय लेन देन की जांच करने हेतु सर्वे किया गया। सर्वे टीम में आयकर निरीक्षक कय्यूम अहमद, देवअनंत श्रीवास्तव, कुलदीप गुप्ता एवं अंकित श्रीवास्तव के साथ भारी पुलिस बल तैनात था। इस छापेमारी में वित्तीय लेन-देन से जुड़े कागजात और दस्तावेज कम्प्लीट नहीं मिले। जिस पर बैंक जिम्मेदारों को 10 दिन के अंदर सारे कागजात कानपुर लाने का अल्टीमेटम दिया गया है।
—————
(Udaipur Kiran) / विशाल कुमार वर्मा



