Skip to content
Sunday, 1 November 2026
BREAKING
JHARKHAND

किसानों की आय में वृद्धि ही योजना की सफलता का पैमाना : शिल्पी तिर्की

कार्यक्रम में मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की सहित अन्य

रांची, 23 दिसंबर (Udaipur Kiran) । किसानों और मछुआरों की आय में वास्तविक वृद्धि ही सरकार की योजनाओं की सफलता का पैमाना होगी। यह बातें राज्य की कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कही। वे धुर्वा स्थित शालीमार मत्स्य किसान प्रशिक्षण केंद्र में मंगलवार को आयोजित मात्स्यिकी विषयक कार्यशाला सह संगोष्ठी को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रही थीं।

मंत्री ने कहा कि सरकार का स्पष्ट लक्ष्य किसानों और मछुआरों की आय में बढ़ोतरी करना है और इसी आधार पर योजनाओं का आकलन किया जाएगा। उन्होंने जानकारी दी कि विभाग ने इस वर्ष राज्य में 260 वेद व्यास आवास योजना का लक्ष्य निर्धारित किया है, जिसके तहत चिन्हित लाभुकों के बीच आवास वितरण की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इस अवसर पर 540 लाभुकों के बीच 964.37 लाख रुपये की परिसंपत्तियों का वितरण किया गया, जिसमें पिकअप वैन, आइस बॉक्स, केज हाउस, मोटर चालित नाव, गिल नेट सहित अन्य सामग्री शामिल है।

शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि वेद व्यास आवास योजना से मिट्टी के मकानों में रहने वाले मछुआरा परिवारों का पक्के घर का सपना पूरा होगा। उन्होंने सुझाव दिया कि इन आवासों की पहचान नीले रंग से की जाए, ताकि मछुआरों के लिए सरकार की ओर से किए जा रहे कार्यों का संदेश गांव-गांव तक पहुंचे और अन्य लोग भी मत्स्य पालन से जुड़ने के लिए प्रेरित हों।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार एक कल्याणकारी सरकार है, जो रोजगार सृजन को प्राथमिकता दे रही है। मत्स्य पालकों को आधुनिक तकनीक का प्रशिक्षण देने के लिए आंध्र प्रदेश जैसे राज्यों में भेजा जा रहा है। उन्होंने बताया कि झारखंड में वर्तमान में लगभग 4 लाख मीट्रिक टन मछली उत्पादन हो रहा है, जबकि क्षमता 7 लाख मीट्रिक टन तक की है। इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए विभाग और मछुआरों को मिलकर प्रयास करने की जरूरत है।

कार्यक्रम में विभागीय सचिव अबू बकर सिद्दीकी, मत्स्य निदेशक डॉ. एच. एन. द्विवेदी, उप सचिव राजीव रंजन तिवारी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।

—————

(Udaipur Kiran) / Manoj Kumar

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *