Skip to content
Wednesday, 28 October 2026
BREAKING
CHHATTISGARH

समर्थन मूल्य पर धान उपार्जन में तेजी, 45 हजार से अधिक किसानों से खरीद

धान उपार्जन केंद्र में धान की तौलाई करते हुए किसान।

धमतरी, 16 दिसंबर (Udaipur Kiran) ।खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में समर्थन मूल्य पर धान उपार्जन की प्रक्रिया जिले में सुचारू रूप से संचालित की जा रही है। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा के मार्गदर्शन में जिले की 74 सहकारी समितियों के माध्यम से किसानों का पंजीयन एवं धान खरीद लगातार जारी है। अब तक कुल 1,29,399 किसानों का 1,26,550 हेक्टेयर कृषि भूमि का पंजीयन किया जा चुका है, जिससे बड़ी संख्या में किसान शासन की इस महत्वपूर्ण योजना से लाभान्वित हो रहे हैं।

धान खरीद का कार्य 15 नवंबर 2025 से प्रारंभ हुआ है। 15 नवंबर से 15 दिसंबर 2025 की अवधि में जिले में 45,356 किसानों से कुल 21,23,518 क्विंटल (लगभग 2,12,351.8 मीट्रिक टन) धान का उपार्जन किया गया है। समितियों में किसानों की सुविधा, पारदर्शिता एवं समयबद्ध भुगतान सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन द्वारा सतत निगरानी की जा रही है।

इसके साथ ही जिले में अवैध धान भंडारण एवं अवैध परिवहन पर भी कड़ी कार्रवाई की जा रही है। मंडी अधिनियम 1972 के तहत अब तक कुल 82 प्रकरण दर्ज किए गए हैं, जिनमें 4,098.5 क्विंटल धान एवं दो वाहन जब्त किए गए हैं। केवल 15 दिसंबर 2025 को ही छह प्रकरण दर्ज कर 90 क्विंटल धान जब्त किया गया है। यह कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।

कलेक्टर ने कहा कि समर्थन मूल्य पर धान उपार्जन शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में से एक है। अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो तथा खरीद प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी रहे। साथ ही अवैध धान भंडारण, दलाली एवं कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। किसानों से अपील की गई है कि वे केवल अधिकृत समितियों के माध्यम से ही धान विक्रय करें और किसी भी अनियमितता की सूचना प्रशासन को दें।

(Udaipur Kiran) / रोशन सिन्हा

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *