Skip to content
Wednesday, 28 October 2026
BREAKING
HimachalPradesh

कांग्रेस की रैली में प्रधानमंत्री के खिलाफ अमर्यादित नारे निंदनीय : जयराम ठाकुर

जयराम ठाकुर

शिमला, 15 दिसंबर (Udaipur Kiran) । पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने दिल्ली में आयोजित कांग्रेस की रैली के दौरान देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ लगाए गए आपत्तिजनक और अमर्यादित नारों की कड़े शब्दों में भर्त्सना की है। साेमवार काे शिमला से जारी बयान में उन्होंने कहा कि इस तरह की भाषा कांग्रेस की राजनीतिक हताशा, कुंठा और गिरते वैचारिक स्तर को उजागर करती है। प्रधानमंत्री के विरुद्ध बार-बार की जा रही आपत्तिजनक टिप्पणियां कांग्रेस नेताओं के मानसिक दिवालियापन और जनता द्वारा लगातार नकारे जाने की निराशा का प्रमाण हैं।

जयराम ठाकुर ने कहा कि जैसे-जैसे देश की जनता कांग्रेस को नकार रही है, वैसे-वैसे कांग्रेस अपने नैतिक और राजनीतिक स्तर से गिरती जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुद्दों, नीतियों और जनहित पर चर्चा करने में असफल कांग्रेस अब गाली-गलौज और घटिया नारेबाज़ी की राजनीति पर उतर आई है। बिहार चुनावों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि वहां भी कांग्रेस नेताओं ने प्रधानमंत्री के खिलाफ अपमानजनक भाषा का प्रयोग किया, जिसका परिणाम पार्टी की ऐतिहासिक पराजय के रूप में सामने आया। प्रधानमंत्री का अपमान कर कांग्रेस देशवासियों का विश्वास कभी नहीं जीत सकती।

उन्होंने यह भी कहा कि यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है कि दिल्ली की रैली में हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू सहित कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे और उनकी उपस्थिति में प्रधानमंत्री जैसे संवैधानिक पद पर आसीन व्यक्ति के विरुद्ध नारे लगाए गए, जिनका कोई विरोध नहीं किया गया। यह लोकतांत्रिक मर्यादाओं का उल्लंघन है और हिमाचल प्रदेश की गरिमा को भी ठेस पहुंचाने वाला कृत्य है। उन्होंने कांग्रेस नेताओं से इस घटना के लिए सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की।

जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश भय और भ्रष्टाचार से मुक्त होकर विकास, सुशासन और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में आगे बढ़ रहा है, जबकि कांग्रेस अपनी विफलताओं से ध्यान हटाने के लिए नकारात्मक राजनीति कर रही है, जिसे जनता कभी स्वीकार नहीं करेगी।

इस अवसर पर उन्होंने मंडी–गग्गल–चैल चौक–जंजैहली सड़क के लिए सीआईआरएफ के तहत 137.40 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान करने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी का आभार भी व्यक्त किया।

—————

(Udaipur Kiran) शुक्ला

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *