Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
CHHATTISGARH

जांजगीर-चांपा पुलिस ने अंतरजिला केबल चोरी गिरोह का किया भंडाफोड़, 11 आरोपित गिरफ्तार, 1.11 करोड़ की संपत्ति जब्त

गिरफ्तार आरोपित

कोरबा/जांजगीर-चांपा, 24 दिसंबर (Udaipur Kiran) । जिले में केबल व बिजली तार चोरी की लगातार बढ़ती घटनाओं पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरजिला केबल चोरी गिरोह का पर्दाफाश किया है। सायबर सेल एवं थाना अकलतरा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में गिरोह के 11 सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपिताें के कब्जे से करीब 12 टन चोरी का केबल व तार, चोरी में प्रयुक्त उपकरण और वाहन सहित कुल एक करोड़ 11 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पिछले कुछ समय से जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में केबल व बिजली तार काटकर चोरी किए जाने की शिकायतें लगातार मिल रही थीं। थाना अकलतरा में दर्ज अपराधों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में सायबर सेल और थाना अकलतरा की संयुक्त टीम द्वारा मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया।

23 दिसंबर 2025 को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि एक ट्रक कंटेनर में भारी मात्रा में बिजली के तार लोड कर दूसरे राज्य में खपाने की तैयारी की जा रही है। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने जिला जेल जांजगीर के पीछे शासकीय स्कूल के पास मुख्य मार्ग पर संदिग्ध ट्रक कंटेनर को रोका। जांच के दौरान कंटेनर से भारी मात्रा में बिजली के तार, केबल, गैस कटर, गैस सिलेंडर व अन्य उपकरण बरामद किए गए।

पूछताछ में वाहन चालक फिरोज खान ने बताया कि उक्त केबल तार नैला निवासी आसिफ रजा द्वारा अपने गोदाम से लोड कराए गए थे और इन्हें दिल्ली में कबाड़ी के पास खपाने ले जाया जा रहा था। इसके बाद पुलिस टीम ने चालक की निशानदेही पर नैला स्थित आसिफ रजा के गोदाम में रेड कार्रवाई की, जहां बड़ी मात्रा में चोरी के केबल व तार बरामद किए गए। मौके से आसिफ रजा सहित उसके अन्य सहयोगियों को हिरासत में लेकर विधिवत कार्रवाई की गई।

पुलिस ने आरोपिताें के कब्जे से लगभग 12 टन चोरी का केबल व तार जिसकी अनुमानित कीमत 80 लाख रुपये है, साथ ही गैस कटर, वायर कटर, एक ट्रक कंटेनर, एक बोलेरो निओ वाहन और दो मोटरसाइकिल जब्त की हैं। कुल जब्ती की कीमत लगभग एक करोड़ 11 लाख रुपये आंकी गई है। आरोपित चोरी किए गए तारों को राज्य से बाहर खपाने की फिराक में थे, जिसे पुलिस ने समय रहते विफल कर दिया।

इस मामले में थाना अकलतरा में अपराध क्रमांक 375/25, 616/25 एवं 655/25 के तहत धारा 303(2) बीएनएस में प्रकरण दर्ज कर सभी 11 आरोपिताें को आज बुधवार काे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस द्वारा प्रकरण में संलिप्त अन्य फरार आरोपिताें की पतासाजी भी जारी है तथा आसपास के जिलों से संपर्क कर चोरी के अन्य मामलों की जानकारी साझा की जा रही है।

गिरफ्तार आरोपिताें में आसिफ रजा, लव डोंगरे, फिरोज खान, मुकेश कुमार यादव, राहुल सोनी, राहुल कारके, अभिषेक यादव, सुमित कारके, राकेश सूर्यवंशी, विश्वनाथ सोनी और रवि कुमार कश्यप शामिल हैं।

पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ने इस सफल कार्रवाई के लिए सायबर सेल प्रभारी निरीक्षक सागर पाठक, थाना अकलतरा प्रभारी निरीक्षक भास्कर शर्मा सहित पूरी टीम की सराहना की है और उत्कृष्ट कार्य के लिए इनाम देने की घोषणा की है। इस कार्रवाई में सायबर सेल व थाना अकलतरा के अधिकारियों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

(Udaipur Kiran) /हरीश तिवारी

—————

(Udaipur Kiran) / हरीश तिवारी

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *