Skip to content
Wednesday, 28 October 2026
BREAKING
CHHATTISGARH

जांजगीर : हरप्रसाद को सुरक्षित छत के साथ मिला सम्मानजनक जीवन

कच्चे छप्पर से पक्के आशियाने तक प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण ने बदली हरप्रसाद की ज़िंदगी

जांजगीर-चांपा, 20 दिसम्बर (Udaipur Kiran) । जिले के विकासखंड अकलतरा अंतर्गत ग्राम पंचायत बनाहिल के निवासी हरप्रसाद के लिए कभी पक्का घर केवल एक सपना हुआ करता था। आर्थिक रूप से कमजोर स्थिति में जीवन यापन करने वाले हरप्रसाद वर्षों से खपरे एवं टीन की छत से बने कच्चे मकान में रहने को मजबूर थे। हर बरसात उनके लिए किसी परीक्षा से कम नहीं होती थी टपकती छत, भीगता सामान और परिवार की असुरक्षा उन्हें भीतर तक तोड़ देती थी। आर्थिक तंगी इतनी गहरी थी कि न तो घर बनाना संभव था और न ही पुराने छप्पर की मरम्मत करना।

ऐसे कठिन समय में शासन की महत्वाकांक्षी प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण हरप्रसाद के जीवन में एक नई आशा की किरण बनकर आई। वित्तीय वर्ष 2024-25 में योजना अंतर्गत उनका आवास स्वीकृत हुआ और 1.20 लाख रूपए की राशि उनके खाते में आबंटित की गई। यह राशि केवल ईंट, सीमेंट और छत नहीं थी, बल्कि वर्षों से संजोए गए सपनों की नींव थी। स्वीकृत राशि से श्री हरप्रसाद ने अपने पक्के मकान का निर्माण पूर्ण कराया, जो वर्ष 2025-26 में साकार रूप ले सका।

आज हरप्रसाद अपने पक्के मकान में सपरिवार सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन व्यतीत कर रहे हैं। अब न बरसात का डर है और न ही असुरक्षा की चिंता। प्रधानमंत्री आवास योजना के साथ-साथ उन्हें महात्मा गांधी नरेगा की 90 दिवस मजदूरी, उज्ज्वला योजना के अंतर्गत एल.पी.जी. गैस कनेक्शन तथा स्वच्छ भारत मिशन के तहत जलवाहित शौचालय का भी लाभ मिला है, जिससे उनका जीवन स्तर उल्लेखनीय रूप से बेहतर हुआ है। स्वच्छता, सुरक्षा और सुविधा तीनों ने मिलकर उनके परिवार को एक नया आत्मविश्वास दिया है।

हरप्रसाद कहते हैं कि, प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण जैसी योजनाएं केवल मकान नहीं बनातीं, बल्कि गरीब परिवारों को सम्मान, सुरक्षा और स्थायित्व प्रदान करती हैं। यह योजना मुझ जैसे लाखों जरूरतमंदों के सपनों को साकार कर रही है। इसके लिए वे शासन का हृदय से आभार व्यक्त करते हैं।

(Udaipur Kiran) / हरीश तिवारी

—————

(Udaipur Kiran) / हरीश तिवारी

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *