नगर परिषद चुनाव को लेकर झामुमो ने कसी कमर, प्रत्याशी उतारने का ऐलान

रामगढ़, 2 दिसंबर (Udaipur Kiran) । राज्य में होने वाले नगर परिषद चुनाव को लेकर झारखंड मुक्ति मोर्चा ने कमर कस ली है। इस चुनाव में पार्टी के स्तर पर प्रत्याशी उतारने का ऐलान किया गया है। इसे लेकर पार्टी की ओर से मंगलवार को शहीद सोबरन सोरेन की शहादत दिवस की समीक्षा बैठक में चर्चा की गई।
बैठक में जिले के सभी प्रखंड, नगर और नगर परिषद के झामुमो नेता और कार्यकर्ता उपस्थित हुए। बैठक की अध्यक्षता संयोजक मंडली के प्रमुख बिनोद किस्कू और संचालन संयोजक सदस्य बिनोद कुमार महतो ने किया।
बैठक में आगामी नगर परिषद चुनाव की तैयारी पर विचार विमर्श किया गया। मौके पर बिनोद किस्कू ने कहा कि जिस प्रकार शहादत दिवस को सफल बनाने में सभी कार्यकर्ताओं का सहयोग रहा है, उसी प्रकार आगामी नगर परिषद की तैयारी में सभी कार्यकर्ताओं को जुट जाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि हम सभी मिलकर एक रणनीति बनाकर मैदान में उतरेंगे और सफलता भी हासिल करेंगे। किस्कू ने कहा कि नगर परिषद के प्रत्येक वार्ड से लेकर अध्यक्ष पद तक झामुमो अपना उम्मीदवार उतारेगा और जीत का परचम लहराएगा।
बैठक में पूर्व जिला प्रवक्ता संतोष कुमार, आज़ाद अंसारी, विजय किस्कू, योगेंद्र यादव, सुशील कुमार, जाबेद आलम, अरुण बनर्जी, उदय मालाकार, नरेश हांसदा, राजेंद्र बेदिया, मुमताज़ मंसूरी, मुमताज़ अंसारी, जग्गू करमाली, तनवीर आलम, फक़रुद्दीन अंसारी, अजय भोगता सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित थे।
—————
(Udaipur Kiran) / अमितेश प्रकाश



