मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने में सभी राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों का सहयोग महत्वपूर्ण : जे0वी0 नागा सुब्रमण्यम

–प्रेक्षक जे0वी0 नागा सुब्रमण्यम की अध्यक्षता में निर्वाचक नामावलियों का विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम के सम्बंध में हुई बैठक
–16 से 18 दिसम्बर तक महाअभियान चलाकर एएसडी वोटर्स पर विशेष फोकस कर ढूढंने का होगा प्रयास
–महाअभियान के दौरान सभी बीएलओ प्रातः 10 से 04 बजे तक बूथ पर रहेंगे उपस्थित
प्रयागराज, 15 दिसम्बर (Udaipur Kiran) । विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों का विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यों के पर्यवेक्षण हेतु नामित विशेष रोल प्रेक्षक जे0वी0 नागा सुब्रमण्यम, संयुक्त सचिव मिनिस्ट्री आफ न्यू एण्ड रिनेवलबेल एनर्जी भारत सरकार की अध्यक्षता में जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा एवं मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्यीय राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों का विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम के सम्बंध में सोमवार को बैठक की गयी।
बैठक में विशेष रोल प्रेक्षक ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा मतदाता सूची का विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम चलाया जा रहा है, जिसका मुख्य उद्देश्य मतदाता सूची को अद्यतन, त्रुटिरहित एवं विसंगतियों से मुक्त बनाया जाना है। जिसमें पात्र मतदाताओं का नाम अवश्य सम्मिलित रहे। इस कार्य में आप सभी राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों की विशेष भूमिका है। उन्होंने कहा कि बीएलओ द्वारा घर-घर भ्रमण कर मतदाताओं की एएसडी लिस्ट बनायी गयी है। जिनमें कुछ मतदाता अनट्रेसेबल हैं, जिन्हें ढूंढने में आपके द्वारा नियुक्त बीएलए का रोल अब और महत्वपूर्ण हो गया है। उन्होंने कहा कि ऐसे मतदाताओं को खोजे जाने हेतु आवश्यक है कि आपके द्वारा नियुक्त बीएलए एक्टिव रहें।
उन्होंने कहा कि आपके द्वारा नियुक्त बीएलए में से यदि कुछ कम एक्टिव हैं, तो उनके स्थान पर दूसरे बीएलए को नियुक्त कर दें और डेडीकेशन के साथ पूरी टीम लगा दें। जिससे कोई भी योग्य मतदाता छूटने न पाये। उन्होंने एएसडी मतदाताओं के एड्रेट ट्रेस करने हेतु नगर निगम व जलकल के ऐसे कर्मचारियों का भी सहयोग लिए जाने को कहा है, जो बिलिंग का कार्य करते हैं। उन्होंने जिन ग्रामीण क्षेत्रों में 25 प्रतिशत से ज्यादा एएसडी वोटर हैं, उन ग्रामों में चौपाल, सामूहिक बैठक, मुनादी एवं प्रचार-प्रसार कराकर लोगो को ढूंढे जाने के लिए कहा। उन्होंने राजनैतिक दलों के प्रत्येक प्रतिनिधि से वार्ता कर उनके सुझाव भी लिए।
बैठक में जिलाधिकारी ने विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण के अन्तर्गत अब तक किये गये कार्यों एवं गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जनपद में कुल 4713 बीएलओ तैनात हैं तथा डिजिटाइजेशन का कार्य लगभग पूर्ण हो गया है। जिन बूथों पर 100 प्रतिशत डिजिटाइजेशन का कार्य पूर्ण हो चुका है, वहां पर मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्यीय राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के द्वारा नियुक्त बूथ लेवल एजेंटों की सम्बंधित बीएलओ के साथ बैठक आयोजित करायी जा रही है और बैठक की कार्यवृत्ति भी जारी की जा रही है।
जिलाधिकारी ने बताया कि अगले तीन दिनों 16 से 18 दिसम्बर तक महाअभियान चलाया जायेगा, जिसमें एएसडी वोटर्स पर विशेष फोकस कर उन्हें ढूढंने का प्रयास किया जायेगा। सभी मतदाताओं से अनुरोध है कि अपने-अपने बूथों पर जाकर अपना नाम एएसडी लिस्ट में चेक कर लें, यदि किसी गलती से उनका नाम एएसडी लिस्ट में सम्मिलित हो गया है, तो वह अपना नाम रोलबैक करा लें। उन्होंने कहा कि बीएलओ के पास फार्म-6 भी उपलब्ध है, जिन मतदाताओं का नाम वोटर लिस्ट में नहीं है, तो वह फार्म-6 भरकर जमा कर सकते हैं।
इसके उपरांत विशेष रोल प्रेक्षक जे0वी0 नागा सुब्रमण्यम ने जिला निर्वाचन अधिकारी मनीष कुमार वर्मा तथा अन्य सम्बंधित अधिकारियों द्वारा मैरी लूकस स्कूल एण्ड कालेज, महर्षि वाल्मीकि इण्टर मीडिएट कालेज, शिवचरणदास कन्हैया लाल इण्टर कालेज एवं दौलत हुसैन इण्टर कालेज एवं अन्य स्थानों पर बनाये गये बूथो का भ्रमण कर एसआईआर के कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया तथा सम्बंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस अवसर पर उपजिला निर्वाचन अधिकारी पूजा मिश्रा, उपजिलाधिकारी सदर अभिषेक सिंह, अपर उपजिलाधिकारी सदर गणेश कनौजिया सहित अन्य सम्बंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।
—————
(Udaipur Kiran) / विद्याकांत मिश्र



