Skip to content
Saturday, 31 October 2026
BREAKING
UTTAR PRADESH

टीजीटी, पीजीटी, टीईटी के लिए लाखों प्रतियोगियों को करना होगा इंतजार

डॉ प्रशांत कुमार

–आयोग पारदर्शिता के लिए इंटरनल विजिलेंस सिस्टम करेगा स्थापित

–विज्ञापन संख्या 51 के असिस्टेंट प्रोफेसर की परीक्षा का रिजल्ट परीक्षण के बाद होगा जारी

–यूपी शिक्षा सेवा चयन आयोग के नवनियुक्त अध्यक्ष पूर्व डीजीपी की अध्यक्षता में हुई पहली बैठक

प्रयागराज, 23 दिसम्बर (Udaipur Kiran) । यूपी शिक्षा सेवा चयन आयोग प्रयागराज के नवनियुक्त अध्यक्ष पूर्व डीजीपी डॉ प्रशांत कुमार की अध्यक्षता में मंगलवार को आयोग की पहली महत्वपूर्ण बैठक हुई। जिसमें कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए हैं। इस दौरान चयन आयोग के क्रियाकलापों में पारदर्शिता लाने और परीक्षा सम्बंधी अन्य कार्यों में शुचिता सुनिश्चित करने के लिए आंतरिक विजिलेंस प्रणाली यानी इंटरनल विजिलेंस सिस्टम स्थापित करने का महत्वपूर्ण फैसला लिया गया है। इस फैसले के तहत आयोग में जल्द ही विजिलेंस अधिकारी की नियुक्ति की जाएगी।

यूपी शिक्षा सेवा चयन आयोग द्वारा परीक्षा नियंत्रक से यह अपेक्षा की गई है कि बीते दिनों स्थगित टीजीटी और पीजीटी की परीक्षाओं के साथ ही शिक्षक पात्रता परीक्षा यानी टीईटी के सम्बंध में परीक्षा तिथि निर्धारित करने के लिए अन्य आयोगों और भर्ती संस्थाओं के परीक्षा कैलेंडर का अध्ययन कर समय सारणी तैयार करें। अर्थात टीजीटी, पीजीटी और टीईटी के लाखों प्रतियोगी छात्रों को परीक्षा और नियुक्ति के लिए इंतजार करना होगा।

आयोग के समक्ष प्रस्तुत होने वाली समय सारणी के आधार पर आयोग इन परीक्षाओं की तिथियों का भविष्य में निर्धारण करेगा। इसी के आधार पर आगामी परीक्षाओं के आयोजन के लिए परीक्षा केंद्रों के चयन और विभिन्न प्रकार की एजेंसी के चयन आदि की कार्यवाही की जाएगी। भर्ती परीक्षाओं को समयबद्ध और पारदर्शी ढंग से सम्पन्न कराने के लिए जल्द ही कैलेंडर जारी किया जाएगा, ताकि भर्ती परीक्षाओं को पूरी तरह से पारदर्शी और शुचिता के साथ सम्पन्न कराया जा सके।यह भी निर्णय लिया गया है कि विज्ञापन संख्या 51 असिस्टेंट प्रोफेसर की परीक्षा के बाद लम्बित इंटरव्यू के सम्बंध में लम्बित बिंदुओं के परीक्षण के बाद जल्द ही निर्णय लिया जाएगा।

यूपी शिक्षा सेवा चयन आयोग की इस महत्वपूर्ण बैठक में अदालत के आदेशों के अनुपालन में अन्य प्रकरणों पर भी विचार विमर्श किया गया। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग की बैठक मे लिए गए महत्वपूर्ण फैसलों की जानकारी आयोग के उपसचिव और जनसम्पर्क अधिकारी संजय कुमार सिंह ने दी है।

—————

(Udaipur Kiran) / विद्याकांत मिश्र

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *