Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
UTTAR PRADESH

पथ विक्रेताओं के लिए बड़ी सौगात: पीएम स्वनिधि योजना से अब 50 हजार तक का लोन आसान

प्रतीकात्मक फोटो

मीरजापुर, 27 सितंबर (Udaipur Kiran News) । रेहड़ी-पटरी लगाने वाले छोटे दुकानदारों और फेरीवालों के लिए राहत भरी खबर है। भारत सरकार की महत्वाकांक्षी पीएम स्वनिधि योजना एक बार फिर से शुरू हो गई है। इस योजना के तहत अब पथ विक्रेताओं को पहले से ज्यादा लाभ मिलेगा। 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चलने वाले लोक कल्याण मेला के दौरान नगर निकायों में लोन के लिए ऑनलाइन आवेदन किए जाएंगे।

सबसे बड़ी सुविधा यह है कि अब योजना के अंतर्गत मिलने वाला पहला लोन 10 हजार से बढ़ाकर 15 हजार रुपये कर दिया गया है। इसके लिए आवेदकों को नगर पालिका कार्यालय में एक पासपोर्ट साइज फोटो, आधार लिंक मोबाइल नंबर, आधार कार्ड, बैंक पासबुक की फोटोकॉपी और यूपीआई आईडी लानी होगी। आवेदन के समय मोबाइल पर ओटीपी आएगा, इसलिए मोबाइल साथ लाना जरूरी होगा।

इतना ही नहीं, पहला लोन समय पर चुका देने वाले लाभार्थियों को अगला लोन अब 20 हजार की जगह 25 हजार रुपये मिलेगा। वहीं, दोनों किश्तें समय से चुकाने पर पथ विक्रेता को 50 हजार रुपये तक का बड़ा लोन उपलब्ध कराया जाएगा।

नगर पालिका परिषद मीरजापुर के ईओ जी. लाल ने शनिवार को बताया कि इस योजना से पिछले कुछ वर्षों में छह हजार से अधिक पथ विक्रेता लाभान्वित हो चुके हैं। इनमें रेहड़ी-पटरी दुकानदार, फेरीवाले, सैलून संचालक, सिलाई-कढ़ाई करने वाली महिलाएं, माला-फूल बेचने वाले और छोटे कारोबारी शामिल हैं।

नगर पालिका अध्यक्ष श्यामसुंदर केशरी ने कहा कि सरकार का उद्देश्य छोटे व्यापारियों और पथ विक्रेताओं को आर्थिक मजबूती देना है, ताकि वे अपने रोजगार को न केवल चला सकें बल्कि उसे आगे भी बढ़ा सकें। इस योजना ने हजारों परिवारों की जिंदगी में उम्मीद और आत्मनिर्भरता की नई रोशनी जगाई है।

—————

(Udaipur Kiran) / गिरजा शंकर मिश्रा

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *