Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
UTTAR PRADESH

मीरजापुर के थोथा गांव में शिक्षा की रोशनी, एक करोड़ से बनेगा राजकीय हाई स्कूल

थोथा गांव में राजकीय हाइस्कूल भवन निर्माण का चल रहा कार्य

मीरजापुर, 24 दिसंबर (Udaipur Kiran) । उत्तर प्रदेश के जनपद मीरजापुर के हलिया विकासखंड के अति पिछड़े क्षेत्र थोथा गांव में शिक्षा के क्षेत्र में एक बड़ी सौगात मिली है। कंस्ट्रक्शन एंड डिजाइन सर्विसेज, जल निगम द्वारा राजकीय हाई स्कूल भवन का निर्माण कार्य एक करोड़ दो लाख रुपये की लागत से प्रारंभ कर दिया गया है। भवन निर्माण शुरू होते ही ग्रामीणों में खुशी की लहर दौड़ गई है।

निर्माणाधीन राजकीय हाई स्कूल में साइंस लैब, लाइब्रेरी, कक्षा कक्ष, कंप्यूटर रूम, प्रधानाचार्य कक्ष सहित कुल 10 कमरों का निर्माण किया जा रहा है। वर्तमान में प्लिंथ लेवल का कार्य प्रगति पर है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में 10 किलोमीटर की परिधि में कोई भी शासकीय विद्यालय नहीं था, जिससे बच्चों को पढ़ाई के लिए दूर-दराज के गांवों में जाना पड़ता था। अब इस विद्यालय के बनने से गरीब व ग्रामीण बच्चों को अपने गांव में ही गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सकेगी। ग्राम प्रधान राजेश यादव ने बताया कि विद्यालय के निर्माण से क्षेत्रीय बच्चों को शिक्षा का बेहतर अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि विद्यालय के समीप खेल मैदान और अन्य बुनियादी सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी। ग्राम समाज की उपलब्ध खाली भूमि का उपयोग बच्चों के खेलकूद और शैक्षणिक गतिविधियों के लिए किया जाएगा। ग्रामीणों ने इस पहल को शिक्षा की दिशा में मील का पत्थर बताते हुए प्रशासन के प्रति आभार जताया है।

—————

(Udaipur Kiran) / गिरजा शंकर मिश्रा

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *