लखनऊ: तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर की टक्कर से युवक की मौत

लखनऊ, 13 दिसंबर (Udaipur Kiran) । उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के गोमती नगर के विभूतिखंड इलाके में शनिवार सुबह तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर की टक्कर से एक व्यक्ति की मौत हो गई। मामले में पुलिस ने आरोपित चालक को गिरफ्तार कर लिया है। यह हादसा उस समय हुआ, जब पीड़ित सड़क किनारे खड़े होकर चाय पी रहा था।
विभूतिखंड थाना प्रभारी अमर सिंह ने बताया कि शनिवार सुबह करीब 6 बजे सुषमा हॉस्पिटल के पास एक फॉर्च्यूनर वाहन फैजाबाद रोड की ओर से तेज गति में आ रहा था। सड़क किनारे चाय पी रहे व्यक्ति को वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वह उछलकर लगभग 50 फीट दूर जा गिरा। उन्होंने बताया कि इसके बाद वाहन चालक ने गाड़ी को नियंत्रित करने के बजाय आगे बढ़ा दी, जिससे वाहन पीड़ित के पेट के ऊपर से निकल गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
इंस्पेक्टर ने बताया कि हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने फॉर्च्यूनर को कब्जे में लिया और आरोपित चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की। आरोपित की पहचान मनोज, निवासी अमेठी जिला के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
उन्होंने कहा कि मृतक की पहचान सुनील कुमार (32) के रूप में हुई है, जो सीतापुर जिले के गंगापुरवा गांव का रहने वाला था। वह हाईकोर्ट में एक अधिवक्ता के यहां मुंशी के तौर पर कार्यरत था और लखनऊ में सुषमा हॉस्पिटल के पास किराए के मकान में रह रहा था।
इंस्पेक्टर अमर सिंह ने बताया कि शव का पोस्टमॉर्टम करा दिया गया है। परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। मृतक के परिवार में पत्नी सरिता और दो बच्चे श्रवण व समर्थ हैं।
—————
(Udaipur Kiran) / Harsh Gautam



