Skip to content
Saturday, 31 October 2026
BREAKING
UTTAR PRADESH

उत्तर प्रदेश के रायबरेली में बड़ा हादसा— मिट्टी का टीला धंसने से चार मजदूर दबे, दो की मौत

हादसे के बाद ग़मगीन परिजन

रायबरेली, 24 दिसम्बर(Udaipur Kiran) । उत्तर प्रदेश के रायबरेली में बुधवार को बड़ा हादसा हुआ है। मिट्टी का टीला धंसने से चार मजदूर दब गए।जिसमें दो की मौत हो गई और अन्य दो घायल हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

नसीराबाद थाना क्षेत्र में कस्बे के सुहल्ला पुरानी कोठी निवासी श्रमिक ब्रजेश कुमार कोरी , इरफान, ब्रजलाल और रोहित ईदगाह के पास एक व्यक्ति की निजी जमीन पर फावड़े से मिट्टी खोदकर ट्रैक्टर-ट्रॉली में भर रहे थे। बताया जा रहा है कि उक्त जमीन पर पिछले करीब एक माह से जेसीबी मशीन द्वारा लगातार खनन कार्य चल रहा था, जिससे वहां गहरा गड्ढा हो गया था। बुधवार को जब चारों श्रमिक गड्ढे के अंदर काम कर रहे थे, तभी अचानक ऊपर से मिट्टी का बड़ा हिस्सा भरभराकर नीचे गिर गया। देखते ही देखते चारों श्रमिक मिट्टी के नीचे दब गए।

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पास में ही दूसरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पर मिट्टी भर रहे श्रमिक शोर सुनकर दौड़े और किसी तरह मिट्टी हटाकर चारों को बाहर निकाला। सभी घायलों को आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नसीराबाद पहुंचाया गया। सीएचसी में चिकित्सकों ने ब्रजेश कुमार कोरी (22) वर्ष को मृत घोषित कर दिया। वहीं हालत गंभीर होने पर ब्रजलाल और इरफान को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान ब्रजलाल (60)ने भी दम तोड़ दिया। इरफान की हालत अभी भी गंभीर बताई जा रही है, जबकि रोहित का उपचार सीएचसी में जारी है। नसीराबाद थानाध्यक्ष पवन कुमार सोनकर ने बताया कि हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक ट्रैक्टर लेकर मौके से फरार हो गया है। उसकी तलाश की जा रही है। तहरीर मिलने पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।

(Udaipur Kiran) / रजनीश पांडे

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *