Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
UTTAR PRADESH

मंत्री सुरेश खन्ना ने खादी एवं ग्रामोद्योग प्रदर्शनी का किया शुभारंभ

खादी एवं ग्रामोद्योग प्रदर्शनी का शुभारंभ करते मंत्री सुरेश खन्ना

लखनऊ में 10 दिवसीय खादी प्रदर्शनी में कारीगरों और उद्यमियों को मिलेगा विपणन का बड़ा मंच

लखनऊ, 18 दिसंबर(Udaipur Kiran) । योगी सरकार की स्वदेशी, स्वरोजगार एवं आत्मनिर्भर भारत की सोच को धरातल पर उतारते हुए उत्तर प्रदेश खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड के तत्वावधान में केन्द्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय, गोमती नगर, लखनऊ परिसर में 10 दिवसीय मण्डल स्तरीय खादी एवं ग्रामोद्योग प्रदर्शनी-2025 का भव्य आयोजन किया जा रहा है। यह प्रदर्शनी 18 से 27 दिसंबर 2025 तक आमजन के लिए खुली रहेगी, जिसमें खादी, ग्रामोद्योग एवं माटीकला से जुड़े उत्पादों के कुल 130 स्टॉल लगाए गए हैं।

प्रदर्शनी का उद्घाटन वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री तथा जनपद लखनऊ प्रभारी मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने मुख्य द्वार पर फीता काटकर किया । उद्घाटन अवसर पर उन्होंने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर प्रदर्शनी का अवलोकन किया और विभिन्न स्टॉलों पर प्रदर्शित उत्पादों की सराहना की। उन्होंने कहा कि खादी भारत की आज़ादी, स्वदेश और स्वावलंबन का प्रतीक है। महात्मा गांधी ने चरखे के माध्यम से आमजन को आत्मनिर्भर बनने की दिशा दिखाई थी, जिसका साकार स्वरूप आज योगी सरकार के नेतृत्व में देखने को मिल रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में स्वच्छता, स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा, स्वरोजगार सृजन और युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है। खादी एवं ग्रामोद्योग विभाग इस लक्ष्य की प्राप्ति में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

प्रदर्शनी में लेदर उत्पाद, भदोही के कालीन, माटीकला से बने बर्तन एवं घरेलू सजावटी सामान, प्रतापगढ़ का आंवला मुरब्बा, वाराणसी की रेशम एवं सिल्क साड़ियां, राजस्थान के बीकानेरी पापड़ व नमकीन, उत्तराखंड के कोट, विभिन्न प्रकार की चादरें तथा हस्तशिल्प आधारित वस्त्र आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। प्रदर्शनी न केवल उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण स्वदेशी उत्पाद उपलब्ध करा रही है, बल्कि कारीगरों और उद्यमियों को विपणन का सशक्त मंच भी प्रदान कर रही है। इस अवसर पर खादी बोर्ड के संयुक्त मुख्य कार्यपालक अधिकारी सिद्धार्थ यादव, वित्तीय सलाहकार मानवेन्द्र सिंह, परिक्षेत्रीय ग्रामोद्योग अधिकारी अजय पाल, जिला ग्रामोद्योग अधिकारी अवधेश गौतम सहित विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

(Udaipur Kiran) / मोहित वर्मा

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *