Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
UTTAR PRADESH

मीरजापुरः विकास भवन में सजी ग्रामीण हुनर की मंडी

स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं के उत्पादों को देखती छानबे विधायक रिंकी कोल

– पहले ही दिन विंध्य सरस मेले में 3.46 लाख की बिक्री

मीरजापुर, 29 दिसम्बर (Udaipur Kiran) । विकास भवन परिसर में सोमवार से शुरू हुए मण्डलीय विंध्य सरस मेले ने पहले ही दिन सफलता के नए आयाम स्थापित कर दिए। उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तत्वावधान में आयोजित पांच दिवसीय इस मेले के प्रथम दिन स्वयं सहायता समूहों द्वारा निर्मित उत्पादों की रिकॉर्ड 3 लाख 46 हजार रुपये की बिक्री दर्ज की गई।

मेले का शुभारम्भ उत्तर प्रदेश राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के उपाध्यक्ष सोहन लाल श्रीमाली, छानबे विधायक रिंकी कोल, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष श्याम सुंदर केसरी तथा मुख्य विकास अधिकारी विशाल कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद अतिथियों ने विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण किया और स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा तैयार किए गए उत्पादों की सराहना की।

विंध्य मंडल के तीनों जनपद मीरजापुर, सोनभद्र एवं भदोही के सभी विकास खंडों से आई महिलाओं ने अपने हस्तनिर्मित उत्पादों, खाद्य सामग्री, घरेलू उपयोग की वस्तुओं और हस्तशिल्प को प्रदर्शित किया, जिसे खरीददारों ने खूब पसंद किया। इसके साथ ही उद्योग, खादी, उद्यान, कृषि, पशुपालन, स्वास्थ्य तथा आईसीडीएस विभागों के स्टॉल भी आकर्षण का केंद्र रहे।

शाम के समय सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिससे मेले का माहौल और भी रंगीन हो गया। इस मौके पर विभिन्न जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी और बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। विंध्य सरस मेला 2 जनवरी तक जारी रहेगा।

—————

(Udaipur Kiran) / गिरजा शंकर मिश्रा

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *