Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
UTTAR PRADESH

मीरजापुर-विंध्याचल को मिलेगी नई पहचान,गंगा विंध्य विहार से बदलेगा शहर का नक्शा

मंडलायुक्त राजेश प्रकाश वड डीएम पवन कुमार गंगवार।

मीरजापुर, 20 दिसंबर (Udaipur Kiran) । उत्तर प्रदेश के मीरजापुर–विंध्याचल क्षेत्र के सुनियोजित विकास की दिशा में मीरजापुर विंध्याचल विकास प्राधिकरण ने अहम पहल की है। प्राधिकरण की प्रथम आवासीय योजना के रूप में मीरजापुर और विंध्याचल के मध्य 50 एकड़ क्षेत्र में “गंगा विंध्य विहार आवासीय योजना” विकसित की जाएगी। इस योजना के माध्यम से आमजन को किफायती आवासीय सुविधा उपलब्ध कराने के साथ-साथ क्षेत्र के शहरी विकास को नई गति मिलेगी।

इसके साथ ही प्राधिकरण द्वारा कंतित क्षेत्र (मीरजापुर में गंगा नदी के किनारे स्थित एक ऐतिहासिक स्थान) में एक व्यावसायिक सह कार्यालय कॉम्प्लेक्स का निर्माण कराया जाएगा, जिसमें मीरजापुर विंध्याचल विकास प्राधिकरण का कार्यालय संचालित होगा। इससे प्रशासनिक कार्यों को सुगम बनाने के साथ व्यावसायिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।

प्राधिकरण के क्षेत्र विस्तार को लेकर भी बड़ा निर्णय लिया गया है। संशोधित प्रस्ताव के तहत पूर्व निर्धारित क्षेत्र के अतिरिक्त ट्रांसगंगा क्षेत्र में चील्ह तक का इलाका प्राधिकरण सीमा में शामिल किया जाएगा। इससे विकास योजनाओं का लाभ व्यापक क्षेत्र तक पहुंच सकेगा।

मंडलायुक्त राजेश प्रकाश ने कहा कि विकास प्राधिकरण का उद्देश्य केवल बुनियादी ढांचा विकसित करना ही नहीं, बल्कि आय के स्थायी स्रोत भी सृजित करना है, ताकि सुनियोजित शहरी विकास के साथ नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी विकास कार्य जनहित को ध्यान में रखकर गुणवत्ता के साथ कराए जाएं।

—————

(Udaipur Kiran) / गिरजा शंकर मिश्रा

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *