Skip to content
Wednesday, 28 October 2026
BREAKING
HimachalPradesh

बारालाचा जोत टनल की बन रही डीपीआर, गडकरी से मिले सांसद सिकंदर

सिकंदर की गडकरी से मुलाकात

शिमला, 19 दिसंबर (Udaipur Kiran) । हिमाचल प्रदेश के सीमावर्ती जिला किन्नौर में प्रस्तावित बारालाचा जोत टनल के निर्माण को लेकर उम्मीदें मजबूत हुई हैं। राज्यसभा सांसद डॉ. सिकंदर कुमार ने इस महत्वपूर्ण परियोजना के संबंध में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात की। मुलाकात के दौरान सांसद ने टनल निर्माण की आवश्यकता और इसके सामरिक व जनहित से जुड़े पहलुओं को विस्तार से रखा।

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मौके पर ही संबंधित अधिकारियों से परियोजना की स्थिति की जानकारी ली। अधिकारियों ने केंद्रीय मंत्री को बताया कि बारालाचा जोत टनल की डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट यानी डीपीआर तैयार की जा रही है। इस पर नितिन गड़करी ने आश्वासन दिया कि डीपीआर प्रक्रिया पूरी होते ही टनल का निर्माण कार्य जल्द शुरू किया जाएगा।

डॉ. सिकंदर कुमार ने बताया कि बारालाचा जोत टनल के बनने से किन्नौर और लाहौल क्षेत्र के बीच वर्षभर आवागमन संभव हो सकेगा। अभी सर्दियों के दौरान भारी बर्फबारी के कारण यह इलाका लंबे समय तक कट जाता है, जिससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। टनल बनने से स्थानीय लोगों की वर्षों पुरानी समस्या का स्थायी समाधान होगा और उन्हें शिक्षा, स्वास्थ्य व अन्य जरूरी सुविधाओं तक बेहतर पहुंच मिलेगी।

इस परियोजना को राष्ट्रीय सुरक्षा के लिहाज से भी बेहद अहम माना जा रहा है। टनल के निर्माण से सीमावर्ती क्षेत्रों में भारतीय सेना की आवाजाही आसान होगी और रणनीतिक मजबूती को बल मिलेगा। इसके साथ ही सीमावर्ती इलाकों के समग्र विकास को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।

—————

(Udaipur Kiran) / उज्जवल शर्मा

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *