Skip to content
Wednesday, 28 October 2026
BREAKING
UTTAR PRADESH

सांसद खेल महोत्सव: 11 खेल विधाओं के खिलाड़ी ग्रीन पार्क में दिखाएंगे दमखम

सांसद खेल महोत्सव: 11 खेल विधाओं के खिलाड़ी ग्रीन पार्क में दिखाएंगे दमखम

-22 से 24 दिसम्बर तक आयोजित होगा सांसद खेल महोत्सव-एडीएम सिटीकानपुर,20 दिसम्बर (Udaipur Kiran) । उत्तर प्रदेश के कानपुर जनपद में सिविल लाइन स्थित ग्रीन पार्क स्टेडियम में सांसद खेल महोत्सव का आयोजन 22 से 24 दिसम्बर तक किया जाएगा। इस महोत्सव के तहत कुल 11 खेल विधाओं यथा कबड्डी, कुश्ती, वॉलीबाल, फुटबॉल, जूडो, बैडमिन्टन, भारोत्तोलन, एथलेटिक्स, खो-खो, रस्साकशी, शतरंज के साथ-साथ क्रिकेट प्रतियोगिता का भी आयोजन कराया जाएगा। यह जानकारी शनिवार को अपर जिलाधिकारी डॉ. राजेश कुमार ने दी।

अपर जिलाधिकारी डॉ. राजेश कुमार ने बताया कि जनपद की समस्त विधानसभाओं में खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन पूर्व में पूर्ण किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि जनपद स्तर पर आयोजित सांसद खेल महोत्सव/स्पर्धा में विभिन्न विधानसभाओं की प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान प्राप्त खिलाड़ियों के मध्य प्रतिस्पर्धा कराई जाएगी। इसके अतिरिक्त सांसद खेल महोत्सव के पोर्टल पर पंजीकृत खिलाड़ी भी इस महोत्सव में प्रतिभाग करेंगे।

अपर जिलाधिकारी ने बताया कि सांसद खेल महोत्सव/स्पर्धा का आयोजन ग्रीन पार्क स्टेडियम, कानपुर में किया जाएगा। खेल विधाओं के अनुसार प्रतियोगिताएं ग्रीन पार्क के विभिन्न खेल स्थलों पर आयोजित होंगी। खो-खो, रस्साकशी एवं एथलेटिक्स की प्रतियोगिताएं ग्रीन पार्क मेन ग्राउण्ड में संपन्न कराई जाएंगी, जबकि शतरंज प्रतियोगिता ग्रीन पार्क बैडमिन्टन हॉल में आयोजित होगी। कबड्डी प्रतियोगिता ग्रीन पार्क क्रिकेट ग्राउण्ड में, क्रिकेट प्रतियोगिता ग्रीन पार्क क्रिकेट ग्राउण्ड एवं क्रिकेट बॉक्स में तथा बैडमिंटन एवं कुश्ती की प्रतियोगिताएं ग्रीन पार्क बैडमिंटन हॉल में आयोजित की जाएंगी। जूडो प्रतियोगिता ग्रीन पार्क जूडो हॉल तथा भारोत्तोलन प्रतियोगिता ग्रीन पार्क भारोत्तोलन हॉल में संपन्न कराई जाएगी।

उन्होंने कहा कि एथलेटिक्स, खो-खो सहित चयनित खेल विधाएं सब-जूनियर, जूनियर एवं सीनियर वर्गों में आयोजित की जाएंगी, जबकि फुटबॉल, वॉलीबाल एवं क्रिकेट प्रतियोगिताएं पुरुष एवं महिला वर्ग में कराई जाएंगी। 23 दिसम्बर को फुटबॉल, वॉलीबाल एवं क्रिकेट की प्रतियोगिताएं ग्रीन पार्क के संबंधित खेल मैदानों पर आयोजित होंगी। साथ ही फाइनल मुकाबले ग्रीन पार्क मेन ग्राउण्ड एवं क्रिकेट ग्राउण्ड में कराए जाएंगे। 24 दिसम्बर को ग्रीन पार्क मेन ग्राउण्ड में समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया जाएगा।

अपर जिलाधिकारी ने बताया कि समस्त कार्यक्रमों के सफल आयोजन के लिए भानू प्रसाद, क्षेत्रीय क्रीड़ाधिकारी को नोडल अधिकारी नामित किया गया है। सभी संबंधित अधिकारी नोडल अधिकारी से समन्वय स्थापित करते हुए कार्यक्रम का सफलतापूर्वक संपादन सुनिश्चित करेंगे, जिसमें जिला युवा कल्याण अधिकारी द्वारा पूर्ण सहयोग प्रदान किया जाएगा।

(Udaipur Kiran) / मो0 महमूद

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *