नए साल में जिला अस्पताल में शुरू होगी एमआरआई जांच

मुरादाबाद, 20 दिसम्बर (Udaipur Kiran) । वर्ष 2026 में जरूरतमंद मरीजों को मंडल स्तरीय सरकारी अस्पताल पं. दीनदयाल उपाध्याय जिला संयुक्त चिकित्सालय में एमआरआई जांच की सुविधा मिल सकेगी। इसके लिए प्रदेश स्तर से टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। जल्द ही मुरादाबाद समेत 18 मंडल मुख्यालयों के सरकारी अस्पताल में एमआरआई मशीन लगाने की तैयारी है।
मुरादाबाद के जिला अस्पताल में रोजाना औसतन 1500 मरीज ओपीडी में आते हैं। इनमें से 150 मरीज हड्डी व 20 न्यूरो से संबंधित समस्या वाले होते हैं। डॉक्टरों को कहना है कि प्रतिदिन दो से तीन मरीजों को एमआरआई मशीन की जरूरत पड़ती है। विशेषज्ञों का कहना है कि मशीन स्थापित होने के बाद रेडियोलॉजिस्ट तैनात करने की चुनौती रहेगी। फिलहाल डॉ. निर्मल ओझा अकेले रेडियोलॉजिस्ट हैं। उन्हें एक्स-रे, अल्ट्रासाउंड और सीटी स्कैन में भी समय देना पड़ता है। ऐसे में अस्पताल प्रबंधन को रेडियोलॉजिस्ट की नियुक्ति के लिए भी प्रयास करने चाहिए।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. कुलदीप गुप्ता ने बताया कि एमआरआई मशीन की खरीद प्रक्रिया प्रदेश स्तर पर चल रही है। उम्मीद है कि जल्द ही मरीजों को राहत मिलेगी।
(Udaipur Kiran) / निमित कुमार जायसवाल



