Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
UTTAR PRADESH

नगर आयुक्त ने सेनपुरा कूड़ा डंपिंग प्वाइंट को देख जानी जमीनी हकीकत

फोटो प्रतीक

—कूड़ा डंपिंग स्थल का भार कम करने के निर्देश

वाराणसी,19 दिसंबर (Udaipur Kiran) । उत्तर प्रदेश के वाराणसी नगर की स्वच्छता व्यवस्था, कूड़ा निस्तारण प्रणाली एवं नागरिक सुविधाओं को लेकर नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल स्थलीय निरीक्षण कर मातहत अफसरों को दिशा निर्देश दे रहे हैं। शुक्रवार को नगर आयुक्त ने सेनपुरा स्थित कूड़ा डंपिंग प्वाइंट, पीली कोठी स्थित कूड़ा ट्रांसफर स्टेशन तथा मछोदरी क्षेत्र अंतर्गत सलेमपुरा मलिन बस्ती का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान सड़क के किनारे खुले क्षेत्र में कूड़े का निस्तारण किए जाने के कारण आवागमन में बाधा एवं जाम की समस्या देख कर उन्होंने इसके स्थायी समाधान पर बल दिया।

उन्होंने कहा कि यदि फायर बिग्रेड की सटी हुई बाउंड्री वाल के भीतर रिक्त भूमि उपलब्ध कराई जाती है, तो वहां फोर्टेबल कंपैक्टर मशीन स्थापित कर कूड़ा निस्तारण की व्यवस्था की जा सकती है। इससे जाम की समस्या के साथ-साथ कूड़ा निस्तारण की समस्या का भी पूर्ण समाधान संभव होगा। इस संबंध में मौके पर उपस्थित मुख्य अग्निशमन अधिकारी को उक्त भूमि नगर निगम के पक्ष में उपलब्ध कराने के लिए प्रस्ताव प्रस्तुत करने के लिए भी निर्देश दिया। इसी क्रम में मछोदरी सलेमपुरा स्थित मलिन बस्ती में डूडा द्वारा कराए गए इंटरलॉकिंग कार्य का निरीक्षण कर स्थानीय लोगों से भी उन्होंने इसका फीडबैक लिया। इस दौरान मलिन बस्ती के निवासियों ने बताया कि घरों में जलापूर्ति कनेक्शन होने के बावजूद समय से पानी की आपूर्ति नहीं हो पा रही है। इस पर नगर आयुक्त ने जलकल विभाग को तत्काल संज्ञान लेते हुए जलापूर्ति सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त मलिन बस्ती के निवासियों ने कहा कि उनके बच्चों का प्रवेश समीप स्थित मछोदरी स्मार्ट स्कूल में सुचारू रूप से कराया जाए।

—पीली कोठी कूड़ा ट्रांसफर स्टेशन का हाल जाना

नगर आयुक्त ने पीली कोठी स्थित कूड़ा ट्रांसफर स्टेशन में कूड़ा निस्तारण कार्यों का जायजा लिया। नगर आयुक्त ने निर्देश दिए कि यहां अतिरिक्त मशीनें लगाए जाने के लिए प्रस्ताव प्रस्तुत किया जाए, जिससे सेनपुरा कूड़ा डंपिंग स्थल का भार कम किया जा सके। साथ ही परिसर में चल रहे निर्माणाधीन कार्यों का निरीक्षण करते हुए निर्देशित किया गया कि प्रस्तावित तालाब का निर्माण आवश्यकता के अनुरूप सुनिश्चित किया जाए, ताकि शेष भूमि का उपयोग शहर में डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण वाहनों की पार्किंग, वाहनों की वर्कशॉप, धुलाई स्थल, एम.आर.एफ. सेंटर तथा कार्यों की मॉनिटरिंग कार्यालय निर्माण में सुचारू रूप से किया जा सके।

——स्वीपिंग मशीन का डेमो

निरीक्षण के दौरान पीली कोठी ट्रांसफर स्टेशन परिसर में टी.पी.एस. कंपनी द्वारा शहर की सफाई व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के लिए स्वीपिंग मशीन का डेमो प्रस्तुत किया गया। नगर आयुक्त ने निर्देश दिए कि शहर के अन्य क्षेत्रों में भी ट्रायल के रूप में इस मशीन का उपयोग कर उसकी उपयोगिता का आंकलन किया जाए। इस दौरान अपर नगर आयुक्त सविता यादव, जोनल स्वच्छता अधिकारी, संबंधित सफाई निरीक्षक एवं वाराणसी वेस्ट सोल्यूशन के प्रॉजेक्ट मैनेजर अनुज भाटी मौजूद रहे।

—————

(Udaipur Kiran) / श्रीधर त्रिपाठी

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *