Skip to content
Saturday, 31 October 2026
BREAKING
BIHAR

नरकटिया विधायक ने आधी रात को किया स्वास्थ्य केंद्र निरीक्षण

अस्पताल का औचक निरीक्षण करते विधायक

छौड़ादानों में मरीजों से ली जानकारी, प्रभारी चिकित्सक मिले अनुपस्थित

पूर्वी चंपारण,22 दिसंबर (Udaipur Kiran) । जिले नरकटिया विधायक विशाल शाह ने कड़ाके की ठंड के बीच जनहित में एक कदम उठाया। उन्होंने आधी रात अपने सहयोगियों के साथ छौड़ादानों प्रखंड स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण किया।

इस दौरान विधायक ने अस्पताल में भर्ती मरीजों और उनके परिजनों से सीधे बातचीत कर इलाज एवं उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली।विधायक विशाल शाह ने मरीजों से दवाइयों की उपलब्धता, डॉक्टरों की उपस्थिति, साफ-सफाई और ठंड के मौसम में अस्पताल की व्यवस्था के बारे में सवाल किए। उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में इलाज के लिए आने वाले किसी भी मरीज को परेशानी नहीं होनी चाहिए।

जनता को तकलीफ होने पर संबंधित अधिकारियों और कर्मियों पर कार्रवाई हो सकती है। विधायक के निरीक्षण के दौरान प्रभारी चिकित्सक मौके पर गैरमौजूद पाए गए, जिसे विधायक ने गंभीर लापरवाही बताया। उन्होंने तत्काल सिविल सर्जन और जिलाधिकारी से फोन पर बात कर मामले की जानकारी दी और आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। विधायक ने जोर देकर कहा कि अस्पताल जैसी संवेदनशील जगह पर ऐसी लापरवाही स्वीकार्य नहीं है।विधायक विशाल शाह ने मौके पर उपस्थित डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों को कड़ी चेतावनी दी।

उन्होंने कहा कि ड्यूटी में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी को अपनी जिम्मेदारी ईमानदारी से निभानी होगी। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि मरीजों के इलाज में कोई कोताही न बरती जाए और सभी सुविधाएं सुचारू रूप से उपलब्ध रहें। विधायक ने जनता को भरोसा दिलाया कि स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि जनसेवा के नाम पर लापरवाही करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। विधायक ने स्पष्ट किया कि जनहित में ऐसे औचक निरीक्षण भविष्य में भी जारी रहेंगे, ताकि सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत किया जा सके।

—————

(Udaipur Kiran) / आनंद कुमार

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *