Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
UTTAR PRADESH

धान खरीद में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, अनुपस्थित केंद्र प्रभारियों पर होगी कार्रवाई : डीएम

कलेक्ट्रेट सभागार में धान खरीद की प्रगति की समीक्षा करते डीएम पवन कुमार गंगवार।

मीरजापुर, 3 दिसंबर (Udaipur Kiran) । जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में धान खरीद की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) अजय कुमार सिंह, जिला खाद्य विपणन अधिकारी संजीव सिंह सहित पीसीएफ, पीसीयू, यूपीएसएस, एफसीआई, मंडी समिति, एसडब्ल्यूसी के जिला प्रबंधक और राइस मिलों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में जिलाधिकारी ने सभी एजेंसियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी संलग्न केंद्रों से एग्रीमेंट शीघ्र पूरा कर धान उठान का कार्य तुरंत शुरू किया जाए। उन्होंने बताया कि एफआरके चावल की उपलब्धता को लेकर अन्नपूर्णा एग्रो द्वारा आश्वासन दिया गया है कि किसी भी स्थिति में एफआरके की कमी नहीं होने दी जाएगी।

डीएम गंगवार ने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि यदि कोई केंद्र प्रभारी अनुपस्थित पाया गया या खरीद के लिए आने वाले किसानों को परेशान करता मिला तो उसके खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही संबंधित जिला प्रबंधक भी जिम्मेदार माने जाएंगे।

केन्द्रवार प्रगति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने चेतावनी दी कि जिन केंद्रों पर खरीद शून्य पाई जाएगी, वहां निकट भविष्य में स्थिति में सुधार न होने पर कार्रवाई तय है। उन्होंने जिला प्रबंधकों को निर्देश दिया कि बोरे और भुगतान के लिए आवश्यक धनराशि पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रहे, ताकि धान बेचने आने वाले किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।

जिलाधिकारी ने कहा कि सरकार किसानों को समयबद्ध और सुगम खरीद व्यवस्था उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

—————

(Udaipur Kiran) / गिरजा शंकर मिश्रा

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *