Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
UTTAR PRADESH

निषाद पार्टी के नेता की पत्नी का शव फांसी पर झूलता मिला,पुलिस जांच में जुटी

मृतका की फाइल फोटो

झांसी, 22 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । उत्तर प्रदेश के झांसी स्थित कोतवाली क्षेत्र में निषाद पार्टी के नेता की पत्नी का शव बुधवार को कमरे में फांसी के फंदे पर झूलता मिला। सूचना मिलने पर क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मौके पर पहुंची पुलिस ओर फोरेंसिक टीम ने जांच पड़ताल करते हर घटना स्थल से साक्ष्य एकत्रित कर कार्यवाही शुरू कर दी।

पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बताया जा रहा है कि घटना के पूर्व मृतका ने दो तीन दिन से कई मेसेज और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल किए। पुलिस ने मोबाइल कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। इससे पुलिस को घटना का सही कारण का पता लगाने में काफी हद तक मदद होगी।

निषाद पार्टी के झांसी के नेता की पत्नी नीलू रायकवार का अपने पति से कई दिनों से विवाद चल रहा है। नीलू रायकवार उस समय चर्चाओं में आई थी जब कुछ माह पूर्व सर्किट हाउस में निषाद पार्टी के बड़े नेता के आगमन पर होर्डिंग से नीलू की फोटो गायब कर दी गई थी। उस समय इस बात को लेकर नीलू ने जमकर हंगामा काटा था। तभी से नीलू रायकवार चर्चाओं में रही थी।

बताया जा रहा है कि नीलू का उसके पति से विवाद न्यायालय तक पहुंच गया था। इसलिए वह अपनी मां के साथ ध्यानचंद्र स्टेडियम के सामने रहती थी। लेकिन परिवार में विवाद बढ़ने पर वह ग्वालियर रोड स्थित फ्रेंड्स कॉलोनी के पास बालाजी बिल्डिंग के बेसमेंट में रह रही थी। बताया जा रहा है कि वह बीते रोज बच्चे के जन्मदिवस पर उससे मिलने गई थी। जहां मुलाकात नहीं होने पर वह अपने घर आ गई। आज सुबह उसके कमरे का दरवाजा काफी देर तक नहीं खुलने पर आस पास के लोगों ने उसे काफी आवाज दी। जब अंदर से दरवाजा नहीं खुला तो खिड़की से झांक कर देखा तो नीलू का शव फांसी के फंदे पर लटका था। सूचना पर नीलू की मां और पुलिस फोरेंसिक टीम के साथ पहुंची। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटना स्थल से साक्ष्य एकत्रित कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

इधर पुलिस ने मृतिका का मोबाइल फोन कब्जे में लेकर जांच पड़ताल शुरू कर दी है। सूत्रों का कहना है कि नीलू ने आत्महत्या करने से पूर्व कई मेसेज और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल किए थे। पुलिस उन्हीं मैसेजों की जानकारी कर रही है। पुलिस को मोबाइल से इसकी आत्महत्या करने के कारण की सही जानकारी मिल पायेगी।

वहीं कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राजेश सिंह का कहना है कि अभी तक आत्महत्या का कारण स्पष्ट नहीं है। पुलिस पहले शव को पोस्टमार्टम कराने के बाद जांच पड़ताल करेगी। तब घटना का कारण स्पष्ट होगा।

—————

(Udaipur Kiran) / महेश पटैरिया

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *