Skip to content
Wednesday, 28 October 2026
BREAKING
SPORTS

नोवाक जोकोविच ने पेरिस मास्टर्स से नाम वापस लिया

सर्बियाई टेनिस खिलाड़ी नोवाक जोकोविच

पेरिस, 22 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । विश्व टेनिस के महान खिलाड़ियों में शुमार सर्बिया के नोवाक जोकोविच ने अगले सप्ताह होने वाले पेरिस मास्टर्स से हटने की घोषणा की है। उन्होंने सोशल मीडिया पर उक्त घोषणा की।

उन्होंने यह फैसला सिक्स किंग्स स्लैम प्रदर्शनी टूर्नामेंट के दौरान पैर में लगी चोट के चलते लिया है। 24 बार के ग्रैंड स्लैम विजेता जोकोविच ने इस सीज़न में बहुत कम टूर्नामेंट खेले हैं। चारों ग्रैंड स्लैम के अलावा उन्होंने सिर्फ आठ एटीपी टूर इवेंट्स में हिस्सा लिया।

38 वर्षीय जोकोविच इस साल ऑस्ट्रेलियन ओपन, फ्रेंच ओपन, विंबलडन और यूएस ओपन- सभी चार ग्रैंड स्लैम के सेमीफाइनल तक पहुंचे। मई अंत से सितंबर के अंत तक उन्होंने केवल उन्हीं तीन स्लैम टूर्नामेंट में भाग लिया। हाल ही में खेले गए शंघाई मास्टर्स में भी जोकोविच को हिप (कूल्हे) की समस्या से जूझना पड़ा था, जिसके चलते वह सेमीफाइनल में बाहर हो गए थे।

जोकोविच पिछले हफ्ते सऊदी अरब में आयोजित सिक्स किंग्स स्लैम में शामिल हुए थे, जहां उन्हें शुरुआती राउंड में बाई मिली थी। पहले मैच में वह जानिक सिनर से हार गए और तीसरे स्थान के लिए टेलर फ्रिट्ज़ के खिलाफ मुकाबले में एक सेट खेलने के बाद चोट के कारण मैच छोड़ना पड़ा।

जोकोविच ने पहले ही एटीपी फाइनल्स (9 से 16 नवंबर, ट्यूरिन, इटली) के लिए क्वालीफाई कर लिया है, लेकिन उन्होंने 2024 में यह टूर्नामेंट छोड़ दिया था। इस बार भी उनकी भागीदारी को लेकर अब संशय बढ़ गया है।

————

(Udaipur Kiran) दुबे

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *