Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
UTTAR PRADESH

अब मीरजापुर में ही मिलेगा आधुनिक नेत्र उपचार, भैरो प्रसाद नेत्र चिकित्सालय बनेगा मल्टी-स्पेशलिटी केंद्र

सिविल लाइन स्थित भैरो प्रसाद जायसवाल नेत्र चिकित्सालय।

मीरजापुर, 16 दिसंबर (Udaipur Kiran) । उत्तर प्रदेश के मीरजापुर के सिविल लाइन क्षेत्र स्थित भैरो प्रसाद जायसवाल नेत्र चिकित्सालय को आधुनिक स्वास्थ्य केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। शासन ने अस्पताल के उन्नयन के लिए लगभग छह करोड़ रुपये से अधिक का बजट स्वीकृत किया है। बजट उपलब्ध होते ही अस्पताल में आवश्यक निर्माण और उपकरण स्थापना का कार्य शुरू किया जाएगा।

उन्नयन के बाद अस्पताल में अब ग्लूकोमा जैसे गंभीर नेत्र रोगों के इलाज की सुविधा भी उपलब्ध होगी। इसके लिए आधुनिक जांच व उपचार उपकरण लगाए जाएंगे। अब तक जिन मरीजों को इस बीमारी के इलाज के लिए बड़े शहरों का रुख करना पड़ता था, उन्हें स्थानीय स्तर पर ही सुविधा मिल सकेगी।

अस्पताल की आकस्मिक चिकित्सा इकाई को भी पूरी तरह सुसज्जित किया जाएगा। यहां इमरजेंसी रेसुसिटेशन किट, सक्शन मशीन, ऑक्सीजन सपोर्ट सिस्टम, इन्फ्यूजन पंप, मोबाइल एक्स-रे मशीन, सेमी फाउलर बेड, आधुनिक फर्नीचर सहित अन्य आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे। गंभीर रोगियों के लिए चार बेड वाला आईसीसीयू वार्ड स्थापित किया जाएगा।

सर्जरी सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए अस्पताल में नया अत्याधुनिक ऑपरेशन थिएटर बनाया जाएगा। इसके लिए ऑपरेशन टेबल, ईसीजी व बीपी उपकरण, पल्स ऑक्सीमीटर, ऑक्सीजन सिलेंडर ट्रॉली, फ्रिज और वातानुकूलन की व्यवस्था की जाएगी।

भैरो प्रसाद नेत्र चिकित्सालय को अब मल्टी-स्पेशलिटी स्वास्थ्य केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। यहां नेत्र एवं त्वचा रोग के साथ-साथ डेंटल, आर्थोपेडिक और फिजियोथेरपी इकाइयों की स्थापना की जाएगी। मंडलीय अस्पताल में स्थान की कमी के चलते इन विभागों को यहां स्थानांतरित किया जाएगा, जिससे मरीजों की भीड़ कम होगी और इलाज की सुविधा बेहतर होगी।

अस्पताल के आधुनिकीकरण से मीरजापुर सहित आसपास के जनपदों के मरीजों को उच्च स्तरीय चिकित्सा सेवाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकेंगी।

—————

(Udaipur Kiran) / गिरजा शंकर मिश्रा

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *