Skip to content
Wednesday, 28 October 2026
BREAKING
RAJASTHAN

नेशनल हेराल्ड मामले में मोदी सरकार की साजिश को कॉलेजों में उजागर करेगी एनएसयूआई

नेशनल हेराल्ड मामले में मोदी सरकार की साजिश को कॉलेजों में उजागर करेगी एनएसयूआई
नेशनल हेराल्ड मामले में मोदी सरकार की साजिश को कॉलेजों में उजागर करेगी एनएसयूआई

अजमेर, 19 दिसम्बर (Udaipur Kiran) । भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) के राष्ट्रीय अध्यक्ष वरुण चौधरी ने कहा कि नेशनल हेराल्ड मामले में कांग्रेस को बदनाम करने की नरेन्द्र मोदी सरकार की कथित साजिश को देशभर के कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में परचे वितरित कर उजागर किया जाएगा।

शुक्रवार को अजमेर में आयोजित प्रेस वार्ता में वरुण चौधरी ने भाजपा नीत केंद्र सरकार पर तीखे आरोप लगाते हुए कहा कि यह मामला पूरी तरह राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित है। उन्होंने कहा कि नेशनल हेराल्ड प्रकरण में न्यायालय द्वारा मामले को खारिज किया जाना और प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) को फटकार लगना इस बात का स्पष्ट प्रमाण है कि केंद्र सरकार ने एजेंसियों का दुरुपयोग कर कांग्रेस नेतृत्व को निशाना बनाया।

उन्होंने आरोप लगाया कि श्रीमती सोनिया गांधी और राहुल गांधी को साजिश के तहत फंसाया गया तथा ईडी के माध्यम से की गई लंबी पूछताछ सरकार की दुर्भावनापूर्ण राजनीति को उजागर करती है। वरुण चौधरी ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम के दौरान अंग्रेजों के समय नेशनल हेराल्ड अखबार देश की जनता की आवाज था और आज उसी विरासत को बदनाम करने का प्रयास किया जा रहा है।

एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि संगठन अब देशभर के शैक्षणिक परिसरों में जाकर छात्रों को सच्चाई से अवगत कराएगा और मोदी सरकार द्वारा कांग्रेस को बदनाम करने की साजिश का पर्दाफाश करेगा। उन्होंने केंद्र सरकार पर मनरेगा जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं को कमजोर करने, अरावली जैसे गंभीर मुद्दों की अनदेखी करने और तानाशाही रवैया अपनाने के आरोप भी लगाए।

वरुण चौधरी ने कहा कि भाजपा बेरोजगारी जैसे शब्द से ही बचती है, जबकि भ्रष्टाचार किसी भी रूप में किसी भी सत्ता या संगठन के लिए स्वीकार्य नहीं होना चाहिए। एक प्रश्न के उत्तर में उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस शुरू से ही धर्मनिरपेक्ष रही है, सभी धर्मों और जातियों का सम्मान करती है तथा राष्ट्र प्रेम में विश्वास रखती है। कांग्रेस की राजनीति नफरत पर नहीं, बल्कि सद्भाव और समन्वय पर आधारित है।

प्रेस वार्ता में एनएसयूआई के प्रदेश अध्यक्ष विनोद जाखड़, शहर कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. राजकुमार जयपाल, पीसीसी सचिव डॉ. सुनील लारा सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी और प्रतिनिधि उपस्थित रहे। वरुण चौधरी ने सूफी संत ख्वाजा मोईनुद्दीन हसन चिश्ती की दरगाह पर जियारत की और वहां मखमली चादर पेश कर दुआ मांगी।

—————

(Udaipur Kiran) / संतोष

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *