विश्व दिव्यांग दिवस पर मीरजापुर में 83 दिव्यांगजन हुए लाभान्वित, कृत्रिम अंग एवं उपकरण वितरित

मीरजापुर, 3 दिसंबर (Udaipur Kiran) । विश्व दिव्यांग दिवस के अवसर पर बुधवार को विकास भवन परिसर में जनपद स्तरीय कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण वितरण शिविर आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे विधायक मड़िहान रमाशंकर सिंह पटेल, विधायक मझवां सुचिस्मिता मौर्या, विधायक छानबे रिंकी कोल और नगर पालिका परिषद मीरजापुर के अध्यक्ष श्याम सुंदर केशरी ने संयुक्त रूप से दिव्यांगजनों को उपकरण वितरित किए।
शिविर में कुल 83 दिव्यांगजन लाभान्वित हुए, जिनमें 4 व्हीलचेयर, 1 स्मार्ट केन, 18 एमआर किट, 25 कान की मशीनें और 35 ट्राईसाइकिल वितरित की गईं। उपकरण पाकर दिव्यांगजनों के चेहरे पर प्रसन्नता साफ झलक रही थी।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य विकास अधिकारी विशाल कुमार, परियोजना निदेशक डीआरडीए धर्मजीत सिंह, उपनिदेशक दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग विन्ध्याचल मंडल तथा जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के कर्मचारी एवं बचपन डे-केयर सेंटर के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।
—————
(Udaipur Kiran) / गिरजा शंकर मिश्रा



