Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
BIHAR

सारण के मांझी में पुलिस- शराब माफिया मुठभेड़ में एक घायल और एक गिरफ्तार

मुठभेड़
मुठभेड़

सारण, 3 दिसंबर (Udaipur Kiran) । जिले में अपराध और शराब तस्करी के खिलाफ सारण पुलिस का विशेष अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में बीती रात मांझी थाना क्षेत्र के तटीय इलाके में पुलिस और कुख्यात शराब माफियाओं के बीच सफल मुठभेड़ हुई।

इस कार्रवाई में एक अपराधी के पैर में गोली लगी है, जबकि दूसरे ने खुद को घिरता देख आत्मसमर्पण कर दिया। वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ कुमार आशीष ने इस संबंध में (Udaipur Kiran) को जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि शराब माफियाओं का एक समूह भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब की तस्करी कर रहा है। सूचना के आधार पर मांझी के तटीय क्षेत्र में पुलिस टीम ने घेराबंदी शुरू की।पुलिस को देखते ही अपराधियों ने फायरिंग शुरू कर दी। इसके जवाब में, पुलिस टीम ने भी आत्मरक्षार्थ गोलियां चलाईं। दोनों तरफ से हुई गोलीबारी के दौरान एक शराब माफिया के पैर में गोली लगी और वह घायल हो गया, जिसे पुलिस ने तुरंत काबू कर लिया। पुलिस की सख्त कार्रवाई देख दूसरे अपराधी के पास आत्मसमर्पण करने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा।

मुठभेड़ के बाद पुलिस ने मौके से बरामद मोटर चालित नाव से अवैध अंग्रेजी शराब की खेप जब्त की है। इसके अलावा अपराधियों के पास से दो कट्टा, चार जिंदा कारतूस, और कई खोखे भी बरामद किए गए हैं। यह बरामदगी इस बात का संकेत है कि अपराधी किसी बड़े अवैध कारोबार को अंजाम देने की फिराक में थे। घायल अपराधी को तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया गया है।

एसएसपी डॉ. कुमार आशीष के निर्देश पर जिले में यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है। महज 36 घंटे पहले मुफस्सिल थाना क्षेत्र में भी पुलिस ने गैंगवार के आरोपी नंदकिशोर राय उर्फ शिकारी राय को एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार किया था। सारण पुलिस की इस लगातार और सख्त कार्रवाई से जिले के अपराधियों और तस्करों में हड़कंप मच गया है। वरीय पुलिस अधीक्षक डॉक्टर कुमार आशीष ने स्पष्ट किया है कि अपराध और शराब तस्करी में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

पकड़े गए दोनों तस्करों से पुलिस अब गहनता से पूछताछ कर रही है, ताकि इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों, गिरोह के सरगनाओं और उनके ठिकानों का पता लगाया जा सके। सारण पुलिस ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि वह जिले को अपराधमुक्त बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

—————

(Udaipur Kiran) / धनंजय कुमार

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *